जमशेदपुर,: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में पशु विविधता को बढ़ावा देते हुए हैदराबाद से अफ्रीकी शेरों की एक जोड़ी — मनोहर (नर) और श्रीदेवी (मादा) — लाई गई है। यह आदान-प्रदान स्वीकृत एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत नेहरू जूलॉजिकल पार्क से किया गया। इसके बदले दो नर मैनड्रिल बंदरों को हैदराबाद भेजा गया है।
युवा जोड़ी से बढ़ेगी आनुवंशिक विविधता
करीब नौ वर्ष आयु के मनोहर और श्रीदेवी प्रजनन के अनुकूल चरण में हैं। जू प्रबंधन को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह जोड़ी सफल प्रजनन कर पार्क में शेरों की आबादी की आनुवंशिक विविधता और दीर्घकालिक सस्टेनेबिलिटी को मजबूत करेगी।
सुरक्षित परिवहन और कड़ी निगरानी
11 फरवरी को विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए वाहनों से टीम हैदराबाद रवाना हुई थी। सभी दस्तावेजी और स्वास्थ्य औपचारिकताएँ पूरी कर 16 फरवरी की रात शेरों को सुरक्षित जमशेदपुर लाया गया। पूरी प्रक्रिया सेंट्रल जू अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों और विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में संपन्न हुई।
READ MORE :Jamshedpur News :टाटानगर–जयपुर सीधी ट्रेन की मांग तेज, विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
40 दिन का क्वारंटीन
मानक प्रोटोकॉल के अनुसार दोनों शेरों को 40 दिनों की अनिवार्य क्वारंटीन अवधि में रखा गया है। इस दौरान उनके स्वास्थ्य, आहार और नए वातावरण में सामंजस्य पर सतत निगरानी की जाएगी। इसके बाद दर्शक इन शानदार शेरों को देख सकेंगे।
जू में पहले से मौजूद जंबो, एड (नर) और जोया (मादा) लगभग 14.5 वर्ष के हैं। नए शेरों के आगमन से युवा और आनुवंशिक रूप से सशक्त शेर आबादी विकसित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



