
जमशेदपुर: महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘आगाज़’ की ओर से लुहाबासा के शिकारीडीह सरकारी स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जरूरतमंद बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सभी अतिथियों ने भगत सिंह को नमन करते हुए उनके देश के प्रति योगदान को याद किया।
READ MORE :SOUTH EASTERN RAILWAY:हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस के कोच अपग्रेड, सीट-चार्जिंग से टॉयलेट तक सुधार
शिक्षा के जरिए बच्चों का भविष्य संवारने पर जोर
बच्चों को संबोधित करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन और उनके विचार हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। देश के प्रति उनका समर्पण अद्वितीय था।
उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना शहीद भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने ‘आगाज़’ संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है।
बच्चों में दिखा उत्साह
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के महापुरुषों के बलिदान और उनके विचारों से परिचित कराना भी है।
पाठ्य सामग्री मिलने के बाद बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी नजर आई। संस्था की ओर से कार्यक्रम में शामिल अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दुर्गा पूजा पर टाटा स्टारबक्स का खास मेन्यू, कोषा मंगशो रोल से गुड़ेर संदेश फ्लान तक
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बीपीएम की प्रधान अध्यापिका रंजिता गांधी, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, चेयरमैन सह समाजसेवी दमनप्रीत सिंह, समाजसेविका चरणजीत कौर भाटिया और आरफीन अशरफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था से जुड़े जगप्रीत सिंह जे.डी., सतविंदर सिंह, गुरबचन सिंह राजू, परमिंदर सिंह गोल्डी, मंगल गोप, अजय महतो और धनापति महतो का सहयोग रहा।


