
जमशेदपुर/भुवनेश्वर: खेल जगत और ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर (ONTHHPC) के लिए एक बेहद गर्व की खबर सामने आई है। ओडिशा सरकार, टाटा स्टील (Tata Steel) और टाटा ट्रस्ट्स की इस संयुक्त पहल (ONTHHPC) ने सफलता की एक और बड़ी इबारत लिखी है। सेंटर की होनहार और प्रतिभाशाली गोलकीपर एंगिल हर्षरानी मिंज (Engil Harsharani Minz) का चयन आगामी ‘एएचएफ (AHF) वुमेंस जूनियर एशिया कप 2026’ के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम में किया गया है। यह प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी (Moqi, China) शहर में आयोजित किया जाएगा।


फुर्ती और संयम ने चयनकर्ताओं को किया प्रभावित
एंगिल हर्षरानी का चयन न केवल उनके कड़े संघर्ष का परिणाम है, बल्कि यह विश्वस्तरीय हॉकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए ONTHHPC की निरंतर प्रतिबद्धता का भी बड़ा प्रमाण है। गोलपोस्ट के पास अपनी गजब की फुर्ती, संयम और निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जानी जाने वाली एंगिल ने पिछले कुछ वर्षों में अपने खेल से राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया है। गौरतलब है कि AHF वुमेंस जूनियर एशिया कप एशिया का एक बेहद प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है, जहाँ महाद्वीप की शीर्ष टीमें हिस्सा लेती हैं। यह मंच युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
READ MORE :Jharkhand News: ‘गड़बड़ी करने वालों को मिलेगी कठोर सजा’, आदिवासी महोत्सव में गरजे CM हेमन्त सोरेन, युवाओं को दिया बड़ा संदेश
‘एंगिल देश को गौरवान्वित करेंगी’: प्रोजेक्ट डायरेक्टर
इस शानदार उपलब्धि पर एंगिल को बधाई देते हुए ONTHHPC के प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री गुरमीत सिंह राव ने कहा, “एंगिल का भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना जाना पूरे ओएनटीएचएचपीसी परिवार के लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने अपने सफर में उल्लेखनीय समर्पण, अनुशासन और दृढ़ता का परिचय दिया है।” उन्होंने आगे कहा, “यह उपलब्धि हमारे सेंटर की उच्च गुणवत्ता वाली ट्रेनिंग को दर्शाती है। हमें पूरा विश्वास है कि वह देश को गौरवान्वित करेंगी।”
भारतीय हॉकी की ‘नर्सरी’ बना ONTHHPC
एंगिल के इस चयन ने हाई परफॉर्मेंस सेंटर द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को तैयार करने के रिकॉर्ड को और मजबूत कर दिया है। ‘हॉकी ऐस फाउंडेशन’ के तहत संचालित यह सेंटर जमीनी स्तर (Grassroot Level) से लेकर एलीट स्तर तक भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए समर्पित है। विश्वस्तरीय कोचिंग, तकनीकी वीडियो एनालिटिक्स और खिलाड़ियों के समग्र विकास के माध्यम से यह फाउंडेशन भारतीय राष्ट्रीय टीमों के लिए लगातार उच्च स्तर की प्रतिभाएं तैयार कर रहा है।पूरे ONTHHPC परिवार ने एंगिल मिंज और भारतीय महिला जूनियर टीम को चीन में सफल अभियान के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।



