
जमशेदपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के शोधार्थियों ने एक बार फिर अपनी मेधा का परचम राष्ट्रीय स्तर पर लहराया है। एनआईटी जमशेदपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी (ECE) विभाग के पीएचडी शोधार्थी और सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML) में पैट-2 (PAT-II) रिसर्चर नितीश कुमार भकत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्हें 12 जुलाई 2026 को आईआईटी खड़गपुर (IIT Kharagpur) के कालिदास ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में तीन प्रतिष्ठित एनपीटीईएल (NPTEL) स्टार पुरस्कारों से नवाजा गया है।


लगातार दूसरी बार हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि
आईआईटी द्वारा संचालित एनपीटीईएल प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट अकादमिक प्रदर्शन के लिए नितीश को ‘एनपीटीईएल डिसिप्लिन स्टार’, ‘एनपीटीईएल बिलीवर स्टार’ और ‘एनपीटीईएल एंथूज़ियास्ट स्टार’ से सम्मानित किया गया है। एनआईटी जमशेदपुर के इतिहास में नितीश प्रथम ऐसे शोधार्थी बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दूसरी बार यह प्रतिष्ठित स्टार सम्मान प्राप्त किया है। उनकी यह सफलता संस्थान के उत्कृष्ट अकादमिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शोध को दर्शाती है।
स्वयम् (SWAYAM) पोर्टल से मिली नई दिशा
पिछले तीन वर्षों से एनआईटी जमशेदपुर ने अपने पीएचडी कोर्सवर्क में एनपीटीईएल-स्वयम् (SWAYAM) के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को अनिवार्य रूप से शामिल किया है। इससे शोधार्थियों को देश के अग्रणी संस्थानों के प्रख्यात प्रोफेसरों से पढ़ने का सीधा अवसर मिल रहा है। इसी शानदार शैक्षणिक व्यवस्था के कारण हाल ही में एनआईटी जमशेदपुर को भी एनपीटीईएल द्वारा उत्कृष्ट संस्थागत प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया था।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: तनाव को कहें ‘बाय-बाय’! NIT कैंपस में NCC कैडेट्स ने सीखी मन को फौलाद बनाने की कला
विशेषज्ञ निर्देशकों का मिला मार्गदर्शन
नितीश कुमार भकत अपना पीएचडी शोधकार्य एनआईटी जमशेदपुर के डॉ. जयेंद्र कुमार और सीएसआईआर-एनएमएल के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. तरुण कुमार दास के संयुक्त निर्देशन में कर रहे हैं। नितीश ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने दोनों निर्देशकों के सतत मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया है।
अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान
इन पुरस्कारों के अलावा, इस वर्ष नितीश को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘गैल्वानेक्स-2026’ में सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र (Best Paper Award) का भी पुरस्कार मिल चुका है। साथ ही, सीएसआईआर-एनएमएल के स्वच्छता पखवाड़ा में इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित अभिनव समाधान विकसित करने वाली पिच प्रतियोगिता में भी उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
गांव और परिवार में जश्न का माहौल
मूल रूप से गोपालपुर गांव के निवासी नितीश कुमार ने अपनी इस उपलब्धि से अपने क्षेत्र और संस्थान का नाम पूरे देश में रौशन किया है। उनके पिता डॉ. सुरेश कुमार भकत, भाई क्षितीश भकत, पत्नी झरना भकत और पुत्र शिवांश भकत ने इस शानदार सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। नितीश भविष्य में भी वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


