
जमशेदपुर।

77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सोना देवी विश्वविद्यालय के घाटशिला परिसर में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के साथ ही परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया और उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे को नमन किया।
READ MORE :Jamshedpur News :सोना देवी की स्मृति में नेत्र शिविर, 37 मरीजों का सफल ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण
राष्ट्रहित में मिलकर काम करने का आह्वान
ध्वजारोहण के उपरांत कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी को मिलजुल कर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह तीसरा वर्ष है जब विश्वविद्यालय परिसर में गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जा रहा है, जो संस्थान के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने गणतंत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि गणतंत्र का अर्थ है जनता का शासन, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
राम मनोहर लोहिया के विचारों की याद
अपने वक्तव्य में श्री सिंह ने समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि लोकतंत्र और गणतंत्र की आत्मा अभिव्यक्ति की आज़ादी में निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों और कर्मियों से आह्वान किया कि वे जागरूक बनें और एकजुट होकर देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नित नयना ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम अपने कार्यों को निष्ठा और ईमानदारी से करें। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
संविधान और देशभक्ति का संदेश
मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. निभा शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ था, जिसने हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध कराया।
वहीं गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. कृष्णेन्दु दत्ता ने “मेरा मुल्क मेरा देश” गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के भीतर देशभक्ति की भावना का संचार कर दिया।
बड़ी संख्या में रही सहभागिता
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय कर्मी, सहायक प्राध्यापक, विभागाध्यक्ष एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की झलक साफ दिखाई दी।



