
जमशेदपुर: शहर के व्यस्त बिष्टुपुर क्षेत्र स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) भवन में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग भवन की दूसरी मंजिल स्थित LIC कार्यालय में लगी। देखते ही देखते धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 1:30 बजे की है। LIC भवन में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने सबसे पहले कार्यालय से धुआं निकलते और आग की लपटें उठते देखीं। उन्होंने तत्काल LIC प्रबंधन, पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी।
READ MORE :Jamshedpur News :डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल में ‘डी.बी.एम.एस. संसद 2026’ का आयोजन
दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
घटना के समय भवन के अंदर मौजूद दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग की इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि सुबह तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया गया।
दूसरी मंजिल पर LIC कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल
जिस दूसरी मंजिल पर आग लगी, वहां LIC का कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल संचालित होता है। आग के कारण इस हिस्से में रखे फर्नीचर, दस्तावेजों और अन्य सामान के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद LIC के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
READ MORE :Jamshedpur News:सोना देवी विश्वविद्यालय में शोधार्थियों के लिए विशेष रिसर्च वर्कशॉप का आयोजन
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग का वास्तविक कारण क्या था, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है। साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

