JAMSHEDPUR।
कुड़मी महतो डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा वनभोज सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन पूड़ीसिल्ली-डोबो, कंदरबेरा स्थित “दि नेचर वाईबिस रिसोर्ट” में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आपसी मेल-जोल को मजबूत करना, समाजहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करना और चिकित्सकों के बीच सामाजिक दायित्व को और सुदृढ़ करना रहा।
शहीद निर्मल महतो को नमन
कार्यक्रम की शुरुआत कुड़मी समाज के महान नेतृत्वकर्ता, दूरदर्शी विचारक एवं सामाजिक नेता शहीद निर्मल महतो की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए की गई। उपस्थित चिकित्सकों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
डॉ रामकृष्ण महतो का सम्मान
मिलन समारोह के दौरान डॉ रामकृष्ण महतो को शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय, धनबाद के प्राचार्य पद पर पदस्थापित होने पर कुड़मी महतो डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केक काटकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित सदस्यों ने इसे समाज के लिए गर्व का क्षण बताया।
समाजिक मुद्दों पर सार्थक संवाद
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत डॉ आलोक रंजन महतो एवं डॉ पूनम मेहता द्वारा सभी प्रतिभागियों का परिचय कराते हुए की गई।
डॉ सुषमा रानी ने “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान पर जोर देते हुए समाज की बेटियों को शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने की अपील की।
जिला कुष्ठ परामर्शी, पूर्वी सिंहभूम डॉ राजीव लोचन महतो ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के उत्थान के लिए सभी को मिलकर ठोस और सार्थक पहल करनी होगी। वहीं डॉ विजय कुमार एवं डॉ पंकज कुमार ने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नशा समाज के भविष्य के लिए सबसे बड़ी चुनौती है।
युवाओं को जोड़ने का आह्वान
डॉ रामकृष्ण महतो ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को संगठित रखने और उसके विकास के लिए युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने चिकित्सकों से समाज सेवा के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उपस्थिति
इस अवसर पर चाकुलिया के पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुरेश चंद्र महतो, डॉ शिप्रा कुमारी, डॉ पंकज कुमार महतो, डॉ रोमी महतो, डॉ अनंत कुमार महतो, डॉ विजय महतो, डॉ पूनम मेहता, डॉ आलोक रंजन महतो, डॉ सुषमा रानी, डॉ बसंत महतो, डॉ प्रदीप महतो, डॉ मीनू महतो, डॉ रीता महतो सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।





