
जमशेदपुर।
टाटा स्टील और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) ने बहुप्रतीक्षित टाटा ओपन 2025 की औपचारिक घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित चार दिवसीय गोल्फ टूर्नामेंट 25 से 28 दिसंबर 2025 तक जमशेदपुर के बेलडीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि 2 करोड़ रुपये रखी गई है और यह PGTI 2025 सीज़न का फिनाले इवेंट होगा।


126 पेशेवर खिलाड़ी, स्ट्रोक-प्ले फॉर्मेट
टाटा ओपन 2025 में देश-विदेश के कुल 126 पेशेवर गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता स्ट्रोक-प्ले फॉर्मेट में खेली जाएगी, जिसमें चार राउंड होंगे और हर राउंड में 18-18 होल खेले जाएंगे।
पहले दो राउंड के बाद शीर्ष 50 खिलाड़ी (टाई सहित) कट में प्रवेश करेंगे और अंतिम दो राउंड में खिताब के लिए मुकाबला करेंगे।
दो वेन्यू पर खेला जाने वाला अनोखा टूर्नामेंट
टाटा ओपन दुनिया के उन चुनिंदा टूर्नामेंट्स में शामिल है, जो दो अलग-अलग गोल्फ कोर्स पर आयोजित होता है।
पहले राउंड में आधे खिलाड़ी बेलडीह और आधे गोलमुरी में खेलेंगे। दूसरे राउंड में दोनों ग्रुप वेन्यू बदलेंगे। कट के बाद तीसरे और चौथे राउंड में खिलाड़ी पहले नौ होल गोलमुरी और शेष नौ होल बेलडीह में खेलेंगे।
भारत और विदेश के शीर्ष गोल्फर होंगे शामिल
भारतीय खिलाड़ियों में 2025 PGTI ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन युवराज संधू, 2024 चैंपियन वीर अहलावत, शौर्य भट्टाचार्य, अर्जुन प्रसाद, मनु गंडास, अंगद चीमा, ओम प्रकाश चौहान (पूर्व चैंपियन), अजीतेश संधू, राशिद खान, खालिन जोशी और चिक्करंगप्पा जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के एन थंगराजा और मिथुन परेरा, बांग्लादेश के मो सिद्दिकुर रहमान, अमेरिका के कोइचिरो सतो, नेपाल के सुभाष तामांग और युगांडा के जोशुआ सील प्रमुख हैं।
टाटा स्टील और PGTI का बयान
टाटा स्टील के उपाध्यक्ष एवं जमशेदपुर गोल्फ कैप्टन डी. बी. सुंदरारमन ने कहा कि टाटा स्टील हमेशा खेलों की परिवर्तनकारी शक्ति में विश्वास करता है और टाटा ओपन की वापसी गोल्फ के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


