JAMSHEDPUR: प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से राष्ट्रीय प्रेस दिवस (16 नवंबर) के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला प्रतिष्ठित कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह इस वर्ष 21 नवंबर 2026 को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। इस महाकुंभ में कोल्हान के तीनों जिलों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां) के पत्रकारों के साथ-साथ राज्य के अन्य प्रेस क्लबों के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: छठ पर अर्पण परिवार का सेवा शिविर, व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री और प्रसाद
दिग्गज अतिथिगण बढ़ाएंगे समारोह की शोभा
इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि जमशेदपुर के लोकप्रिय सांसद विद्युत वरण महतो होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय एवं जमशेदपुर पश्चिमी की विधायक पूर्णिमा साहू अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वहीं, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदर रामम सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा टाटा स्टील कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के हेड राजेश रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO) पंचानन उंराव सहित कॉरपोरेट सेक्टर, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े कई गणमान्य लोग अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: जन कल्याण मोर्चा की PIL पर झारखंड हाईकोर्ट में 18 नवंबर को होगी सुनवाई, 395 करोड़ की पेयजल और 255 करोड़ की सीवेज योजना में विलंब पर टिकी नजरें
रेड क्रॉस भवन में हुई बैठक, पदाधिकारियों ने दी जानकारी
इस आयोजन की तैयारियों को लेकर रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने पत्रकारों को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया। बैठक में क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुमित झा एवं राकेश सिंह, सह सचिव अमित तिवारी और कोषाध्यक्ष गंगाधर पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इन वरिष्ठ पत्रकारों के नाम पर दिए जाएंगे प्रतिष्ठित पुरस्कार
समारोह के दौरान दिवंगत पत्रकारों के परिजनों, वरिष्ठ पत्रकारों और अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। परंपरा के अनुसार, पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए इस वर्ष भी तीन प्रख्यात दिवंगत पत्रकारों— स्व. गंगा प्रसाद कौशल, ध्रुव नारायण सिंह ‘नीरज’ और राधे श्याम अग्रवाल के नाम पर विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इसके साथ ही, प्रेस क्लब की सहयोगी संस्थाओं, सामाजिक क्षेत्र के कार्यकर्ताओं तथा पत्रकारों और उनके परिवारों को निःशुल्क चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने वाले डॉक्टरों, फिजियोथेरेपी सेंटरों एवं पैथोलॉजी जांच केंद्रों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष की नई पहल: पत्रकारों के प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान
प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने इस वर्ष एक बेहद सराहनीय और नई पहल की है। इसके तहत पत्रकार सदस्यों के शैक्षणिक एवं रचनात्मक रूप से प्रतिभाशाली बच्चों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य पत्रकार परिवारों की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।


