
जमशेदपुर: भारत माता को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए मात्र 19 वर्ष की अल्पायु में हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूमने वाले अमर क्रांतिकारी शहीद खुदीराम बोस (Shaheed Khudiram Bose) के शहादत दिवस पर मंगलवार को लौहनगरी जमशेदपुर में देशप्रेम की अविरल धारा बही। नमन परिवार (Naman Parivar) द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोगों और युवाओं ने शहीद खुदीराम बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम और सर्वोच्च बलिदान को शत-शत नमन किया। सभी ने एक स्वर में युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्रहित में आगे आने का आह्वान किया।


‘हमारे हृदय में सदैव जीवित रहेंगे खुदीराम बोस’- अमरप्रीत सिंह काले
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नमन परिवार के संस्थापक और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरप्रीत सिंह काले (Amarpreet Singh Kale) ने युवाओं में जोश भरा। उन्होंने कहा, “शहीद खुदीराम बोस केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं हैं, बल्कि वे भारत की युवा शक्ति के लिए राष्ट्रभक्ति, साहस और संकल्प की जीवंत प्रेरणा हैं। जिस उम्र में युवा अपने भविष्य के सुनहरे सपने संजोते हैं, उस उम्र में खुदीराम बोस ने भारत माता की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान हमें राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। वे हमारे हृदय में सदैव जीवित रहेंगे।”
यह भी पढ़ें: ‘Jamshedpur News: जमशेदपुर आ रही हैं बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी! 23 अगस्त को ‘ग्लोबल प्राइड ऑफ इंडिया अवार्ड’ में बिखेरेंगी जलवा
‘शहीदों को स्मरण करना हर देशवासी का कर्तव्य’
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संयुक्त आयकर आयुक्त (Joint CIT) सुमित दासगुप्ता ने कहा कि खुदीराम बोस का जीवन देश के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने नमन परिवार द्वारा वीरों के सम्मान में किए जा रहे ऐसे निरंतर आयोजनों की मुक्तकंठ से सराहना की।
इंटक नेता राकेश्वर पांडे ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के महान क्रांतिकारियों ने सर्वोच्च बलिदान देकर देश की आजादी की नींव मजबूत की थी। उनकी वीरगाथा आज भी युवाओं में राष्ट्रप्रेम जगाती है।
वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को स्मरण करना प्रत्येक देशवासी का सबसे बड़ा राष्ट्रीय कर्तव्य है।
यह भी पढ़ें:Indian Railways: श्रावणी मेला में यात्रियों को बड़ी सौगात! टाटानगर-गोड्डा एक्सप्रेस का चंद्रपुरा और कतरासगढ़ में होगा ठहराव
इन गणमान्य लोगों ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में नमन के संरक्षक बृजभूषण सिंह ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। श्रद्धांजलि सभा में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संस्थापक वरुण कुमार, एमआईटी शिक्षण संस्थान के संचालक कृष्णा बनर्जी, साहित्यकार बलविंदर सिंह, सरदार जसवंत सिंह भोमा, पूर्वी घोष, रामलीला उत्सव समिति के राम केवल मिश्रा, सुनीता देवी, अमित पाठक, आशुतोष बनर्जी, केपी पाल और संजू बनर्जी सहित कई अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राघवेंद्र शर्मा, बिपिन झा, सरदार महेंद्र सिंह, सिद्धनाथ सिंह, अवधेश कुमार, कश्मीर सिंह, कुलबीर सिंह, एस.बी. राणा, स्वरूप सिंह, बिट्टू तिवारी, पंकज वर्मा, रितिका श्रीवास्तव, पिंकी प्रसाद, ममता साहा, पिंकी देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।


