
जमशेदपुर।
जमशेदपुर के उद्योगपति देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी का 13 जनवरी को पुलिस स्टीकर लगी गाड़ी से अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपहरण के पखवाड़े भर बाद पुलिस ने कैरव गांधी को हजारीबाग के चौपारण–बरही जीटी रोड खंड से आधी रात को सकुशल बरामद कर मंगलवार तड़के परिजनों को सौंप दिया। यह जानकारी पीयूष पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक (पूर्वी सिंहभूम) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

READ MORE :Jamshedpur News :कैरव गांधी की सकुशल वापसी पर सिंहभूम चैंबर ने पुलिस को दी बधाई
कदमा–सोनारी लिंक रोड पर वारदात
एसएसपी के अनुसार, अज्ञात गिरोह ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कदमा–सोनारी लिंक रोड पर सीएच एरिया के पास कैरव को रोका और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। गिरोह का एक सदस्य कैरव की कार लेकर फरार हो गया, जिसे बाद में एनएच-33 पर कांडरबेड़ा (चांडिल थाना, सरायकेला-खरसावां) क्षेत्र में छोड़ दिया गया। पुलिस ने घटना वाली रात ही कैरव की कार बरामद कर ली थी।
फिरौती कॉल की पुष्टि, भुगतान पर सस्पेंस
एसएसपी पांडेय ने बताया कि परिजनों को फिरौती की कॉल मिली थी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि कोई राशि दी गई या नहीं। परिवार की ओर से इस पर कोई खुलासा नहीं किया गया है।
दो मोर्चों पर कार्रवाई
13 जनवरी को बीएनएस की धारा 140(1) और 140(2) के तहत मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दो लक्ष्यों पर काम किया—पहला, कैरव की सुरक्षित बरामदगी और दूसरा, अपराधियों की गिरफ्तारी। इस ऑपरेशन की निगरानी झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्रा और जोनल आईजी कर रहे थे। डीजीपी का स्पष्ट निर्देश था कि प्राथमिकता सुरक्षित रेस्क्यू हो।
READ MORE :Jamshedpur News :साकची और मानगो में गणतंत्र दिवस समारोह, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने फहराया तिरंगा
लगातार दबाव, रास्ते में छोड़ा
तकनीकी सर्विलांस, खुफिया इनपुट और अंतर-राज्यीय छापेमारी (झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा) के चलते गिरोह पर दबाव बढ़ा। सोमवार को इनपुट मिला कि अपहरणकर्ता कैरव की लोकेशन बदलने वाले हैं। संभावित मार्गों पर पुलिस तैनात की गई। गिरफ्तारी की आशंका से घबराकर गिरोह ने चौपारण–बरही के बीच सड़क पर कैरव को छोड़ दिया और फरार हो गया।
स्वस्थ हैं कैरव, पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक कैरव पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्होंने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने न तो दुर्व्यवहार किया और न ही यातना दी। फिलहाल वे परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं; उनसे जल्द विस्तृत पूछताछ की जाएगी। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
उल्लेखनीय है कि देवांग गांधी आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (ASIA) के उपाध्यक्ष हैं।


