
जमशेदपुर: झारखंड में JPSC, JSSC, CGL, जूनियर इंजीनियर और उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक (Paper Leak) के विरोध में भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में युवाओं और छात्रों ने जिला उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय से जिला उपायुक्त कार्यालय तक पैदल आक्रोश मार्च निकाला गया, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने राज्य सरकार की विफल भर्ती व्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने किया, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने की। प्रदर्शन के उपरांत भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम जिला उपायुक्त के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें 14वीं JPSC की CBI जांच और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की प्रमुख रूप से मांग की गई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: सांसद बिद्युत बरण महतो ने पारडीह में किया कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण और रोजगार
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन की प्रमुख मांगें:
रांची में आंदोलनरत छात्रों की न्यायोचित मांगों का पूर्ण समर्थन करते हुए भाजपा ने अपने ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
JPSC एवं JSSC से संबंधित सभी पेपर लीक और भर्ती घोटालों की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच (CBI) कराई जाए।
पेपर लीक में शामिल सभी दोषियों, बिचौलियों और अधिकारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया को तकनीक आधारित, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए।
फास्ट ट्रैक कोर्ट (Fast Track Court) का गठन कर दोषियों को स्पीडी ट्रायल के जरिए कड़ी सजा दिलाई जाए।
14वीं JPSC गड़बड़ी मामले में तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांगते पर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी हो और JPSC के तीनों सदस्यों को बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाए।
उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा के दौरान जान गंवाने वाले सभी अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
राज्य में परीक्षा लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
युवाओं के सपनों का सौदा कर रही हेमंत सरकार: आभा महतो
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत युवाओं के प्रति कभी ईमानदार नहीं रही। रोजगार देने के नाम पर युवाओं को केवल धोखा मिला है। लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था उनकी मेहनत और सपनों का सौदा कर देती है। यह झारखंड के युवाओं के भविष्य पर सीधा प्रहार है। भाजपा इस संघर्ष में युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
सड़क से सदन तक होगा आंदोलन: बबुआ सिंह
भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने कहा कि यह सिर्फ परीक्षाओं का मुद्दा नहीं है, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और राज्य की प्रशासनिक विश्वसनीयता का सवाल है। वर्षों की मेहनत के बाद भी योग्य अभ्यर्थी नौकरी से वंचित हैं। यदि सरकार ने युवाओं की आवाज को अनसुना किया, तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से इस संघर्ष को सड़क से लेकर सदन तक और तेज करेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: एलबीएसएम कॉलेज में 4 अगस्त को मेगा रोजगार मेला, टाटा मोटर्स और MRF जैसी दिग्गज कंपनियां देंगी नौकरी
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
आक्रोश प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, गुंजन यादव, मनोज सिंह, दुलाल भुइयां, कुलवंत सिंह बंटी, जिप सदस्य कुसुम पूर्ति, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, तन्मय झा, रेणु सिन्हा, संजीत चौरसिया, प्रेम झा समेत भाजपा और भाजयुमो के कई मंडलाध्यक्ष, पदाधिकारी और सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।



