
विधायक सरयू राय की बैठक में लंबित विकास योजनाओं, सफाई व्यवस्था और पुलिस की निष्क्रियता पर जताया गया आक्रोश
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की कार्यशैली और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ जनता दल (यूनाइटेड) ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की मौजूदगी में बिष्टुपुर कार्यालय में जदयू कार्यकर्ताओं और मानगो जनसुविधा समिति की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि लंबित विकास योजनाओं, बदहाल सफाई व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर निगम के ढुलमुल रवैए के विरोध में 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जदयू ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


12 करोड़ की 38 विकास योजनाएं अधर में लटकीं
बैठक के दौरान मानगो क्षेत्र में बुनियादी विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। आंकड़ों के अनुसार, कुल 12,13,19,117 रुपये की लागत वाली 38 महत्वपूर्ण योजनाएं ठप पड़ी हैं। इनमें से 3,53,32,680 रुपये की 32 योजनाओं का शिलान्यास 29 दिसंबर 2025 को ही हो चुका था। इसके बाद, 14 अप्रैल 2026 को 6,73,16,300 रुपये की दो मुख्य सड़क योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदकों (ठेकेदारों) की बहाली के बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका है, जिससे स्थानीय जनता में भारी नाराजगी है।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: कदमा के सफाई कर्मियों को मिलेगा पूरा मानदेय, विधायक सरयू राय की पहल पर नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश
बाढ़ नियंत्रण के लिए आवंटित 2.44 करोड़ बेकार
हर साल बरसात में जलजमाव झेलने वाली नित्यानंद कॉलोनी, देशबंधु लाइन और आस-पास के इलाकों को राहत देने के लिए विधायक सरयू राय ने प्रयास कर चार बड़े नालों के निर्माण व जीर्णोद्धार की स्वीकृति दिलाई थी। इसके लिए 20 अप्रैल 2026 को 2,44,67,800 रुपये की निविदा प्रकाशित की गई थी। अधिकारियों की लापरवाही के कारण मानसून शुरू होने के बाद भी यह काम शुरू नहीं हो पाया। विधायक सरयू राय ने घोषणा की कि अब हर वार्ड में दो-दो लोगों की कमेटियां बनाकर नालों की सफाई और विकास कार्यों की सीधे निगरानी की जाएगी।
कानून व्यवस्था और पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल
बैठक में मानगो क्षेत्र में बढ़ते अपराध और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिशों पर भी चिंता जताई गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ दबंग तत्वों ने विधायक के बयान को गलत तरीके से पेश कर उनका पुतला दहन किया और अभद्र व्यवहार किया। इस मामले में उलीडीह थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर कड़ा रोष जताया गया। जदयू ने साफ किया कि अगर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी मोर्चा खोला जाएगा।
READ MORE..ADITYAPUR NEWS: जुडको और जिंदल का वादा फेल, पेयजल आपूर्ति न होने पर जन कल्याण मोर्चा ने की निंदा
बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, आकाश साह, विनोद सिंह, दीपक गौड़, पिंटू सिंह सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


