
होटल के बाहर घात लगाए बैठे अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम


जमशेदपुर.
जमशेदपुर के कदमा के रहने वाले व्यापारी निखार सबलोक की राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 33) स्थित चांडिल क्षेत्र में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. चांडिल के ‘टेंथ माइल स्टोन’ होटल के समीप हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
मीटिंग के बाद निकलते ही बरसाईं गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निखार सबलोक उक्त होटल में एक व्यावसायिक बैठक के सिलसिले में आए थे. बैठक संपन्न कर जैसे ही वह बाहर निकले, पहले से ताक में बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं. चार गोलियां लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वारदात को अंजाम देकर अपराधी मौके से भाग निकले.
टीएमएच में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद साथी उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गए. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पाते ही चांडिल थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की. पुलिस होटल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और हत्या के कारणों की गहराई से छानबीन में लगी है.


