
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि शहर में बढ़ते अपराध, पुलिस की मौजूदगी में हुई निर्मम हत्या, चेन स्नैचिंग, चापड़बाजी, नशे के बढ़ते कारोबार एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद को जमशेदपुरवासियों का अभूतपूर्व और अविस्मरणीय समर्थन मिला है। उन्होंने जमशेदपुर की देवतुल्य जनता, व्यापारी बंधुओं, प्रबुद्धजनों, भाजपा जिला नेतृत्व एवं सभी समर्पित भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समर्थन साफ तौर पर दर्शाता है कि जमशेदपुर अब अपराध, अराजकता और कानून व्यवस्था की बदहाली को बर्दाश्त नहीं करेगा।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि यह बंद हेमंत सोरेन सरकार एवं प्रशासन की विफलताओं के विरुद्ध जनता के आक्रोश का परिचायक है। उन्होंने मांग दोहराया कि घटना में शामिल सभी दोषियों पर अविलंब कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनसुरक्षा और न्याय के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगी।


