
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में मानवीय संवेदना और जनसरोकार की एक खूबसूरत नजीर देखने को मिली है। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के संवेदनशील प्रयास से एक मासूम बच्ची की जिंदगी बचाने की नई उम्मीद जगी है। घाटशिला प्रखंड के नयाग्राम निवासी और पेशे से सब्जी विक्रेता संतोष कुमार मिश्रा की चार माह की बीमार पुत्री विहा मिश्रा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की सारी जमा-पूंजी इलाज में खत्म होने के बाद विधायक ने इस जटिल मामले में सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से पत्राचार किया था, जिसके बाद यह जीवनदायिनी मदद जारी की गई है।

दुर्लभ बीमारियों से जंग लड़ रही 4 महीने की विहा
मासूम विहा मिश्रा जन्म के कुछ समय बाद से ही ‘मेकोनियम एस्पिरेशन सिंड्रोम’ और ‘राइट सबड्यूरल हेमाटोमा’ जैसी बेहद गंभीर और जानलेवा बीमारियों की चपेट में है। बच्ची की स्थिति इतनी नाजुक थी कि उसे तत्काल मुंबई के एक बड़े अस्पताल में ले जाकर जटिल ब्रेन सर्जरी करानी पड़ी। एक सामान्य सब्जी विक्रेता संतोष मिश्रा के लिए यह किसी वज्रपात से कम नहीं था। अब तक मुंबई में इलाज पर परिवार के लगभग 14 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं और घर की पाई-पाई खत्म हो चुकी है। डॉक्टरों ने बच्ची की जान बचाने के लिए दूसरी सर्जरी अनिवार्य बताई है, जिसमें करीब 5 लाख रुपये का और खर्च आना है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: भगवान जगन्नाथ का 108 कलशों से महास्नान, 56 भोग के बाद 15 दिनों के ‘एकांतवास’ में गए महाप्रभु
पाई-पाई को मोहताज पिता ने विधायक से लगाई गुहार
आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुके संतोष मिश्रा जब हर तरफ से निराश हो गए, तो उन्होंने विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात की और अपनी बेटी की जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाई। पिता की बेबसी और बच्ची की गंभीर मेडिकल रिपोर्ट को देखते हुए विधायक ने एक पल की भी देरी नहीं की। उन्होंने त्वरित पहल करते हुए मामले की पूरी फाइल तैयार करवाई और झारखंड के मुख्यमंत्री कार्यालय को विशेष पत्र लिखकर इस रेयर मेडिकल केस में नियमानुसार अधिकतम आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पुरजोर अनुशंसा की।
24 जून को जारी हुआ चेक, विधायक ने जताया आभार
विधायक पूर्णिमा साहू के इस प्रयास का सकारात्मक असर देखने को मिला। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए 24 जून को मुख्यमंत्री राहत कोष से विहा मिश्रा के उपचार हेतु 1 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत कर परिवार को चेक सौंप दिया। आर्थिक मदद मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। इस सहायता के जारी होने पर विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री कार्यालय का आभार व्यक्त किया है और ईश्वर से प्रार्थना की है कि मासूम विहा जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटे।


