जमशेदपुर: कोल्हान के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया (Gamharia) और जमशेदपुर के उद्योगों को निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गम्हरिया स्थित गेल गैस लिमिटेड (GAIL Gas Limited) के कार्यालय में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक गैस आपूर्ति को सुदृढ़ करना और पीएनजी (PNG) कनेक्शन एवं इसके नेटवर्क विस्तार से जुड़ी चुनौतियों का समाधान निकालना था।
इस महत्वपूर्ण बैठक में गेल गैस लिमिटेड की ओर से डीजीएम अंशुमान तिग्गा, इंडस्ट्रियल ऑपरेशन मैनेजर राहुल एवं आशुतोष उपस्थित रहे। वहीं, एससीसीआई (SCCI) का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष मानव केडिया, इंडस्ट्री वाइस प्रेसिडेंट हर्ष बकारेवाल एवं सचिव विनोद शर्मा ने किया।
इन औद्योगिक क्षेत्रों में बिछ चुका है पीएनजी नेटवर्क
बैठक के दौरान गेल गैस प्रबंधन ने चेंबर के प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के द्वितीय (2nd), चतुर्थ (4th), छठा (6th) और सातवां (7th) फेज, बड़े सेक्टर के कुछ प्रमुख हिस्सों तथा ऑटो क्लस्टर के पीछे गैस वितरण का नेटवर्क सफलतापूर्वक स्थापित किया जा चुका है। कंपनी ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन का नेटवर्क पहले से उपलब्ध है, वहां उद्योगों को नए पीएनजी कनेक्शन देने में औसतन 2 से 3 महीने का समय लग रहा है।
मांग के आधार पर तेजी से हो रहा विस्तार
कंपनी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नेटवर्क का विस्तार पूरी तरह से ‘मांग’ (Demand) पर आधारित है। शुरुआती दौर में कुछ फेजों में उद्योगों की ओर से मांग नहीं होने के कारण नेटवर्क नहीं बिछाया गया था। लेकिन, अब बढ़ती औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए भूमि की उपलब्धता और जियाडा (प्राधिकरण) के नियमों के अनुरूप नेटवर्क विस्तार का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन नहीं है, वहां से आवेदन मिलने पर तुरंत विस्तार की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
तकनीकी चुनौतियों और ‘प्रेशर’ की समस्या पर मंथन
बैठक में पीएनजी गैस के उपयोग के दौरान उद्योगों के सामने आ रही तकनीकी चुनौतियों पर भी गहन तकनीकी चर्चा हुई। सबसे बड़ा मुद्दा गैस के दबाव (Pressure) का रहा। पाइपलाइन में गैस का दबाव लगभग 3 बार (Bar) रहता है, जबकि कटिंग और फैब्रिकेशन (Cutting & Fabrication) जैसे भारी कार्यों के लिए 15 बार दबाव की आवश्यकता होती है। इसके अलावा मौजूदा बर्नर में बदलाव की जरूरत पर भी बात हुई। कंपनी ने आश्वस्त किया कि इन समस्याओं का तकनीकी समाधान निकाला जा रहा है। अब तक कई औद्योगिक इकाइयों को कनेक्शन दिया जा चुका है और 15 से 20 नए आवेदन प्रक्रिया में हैं।
वैश्विक हालात के बीच ऊर्जा में आत्मनिर्भरता जरूरी: मानव केडिया
वर्तमान में दुनिया के विभिन्न हिस्सों में चल रहे युद्ध और वैश्विक अस्थिरता के मद्देनजर ऊर्जा आपूर्ति की निरंतरता उद्योगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। इस अवसर पर चेंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा, “औद्योगिक विकास के लिए सुलभ, किफायती और विश्वसनीय गैस आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर मजबूत गैस इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना और भी जरूरी हो गया है ताकि उत्पादन प्रभावित न हो।”
उन्होंने गेल गैस लिमिटेड से अपील की कि वे नेटवर्क विस्तार की प्रक्रिया को और तेज करें। साथ ही, कटिंग एवं फैब्रिकेशन के लिए आवश्यक गैस प्रेशर जैसी तकनीकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान निकालें। एससीसीआई ने इस दिशा में कंपनी को हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया है।





