
जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। उपायुक्त ने जनहित के कार्यों एवं विकासात्मक योजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था की सफलता विभागों के बीच बेहतर तालमेल और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है।

मंईयां सम्मान योजना की NPCI मैपिंग को प्राथमिकता
बैठक में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों की NPCI मैपिंग को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) को निर्देश दिया कि वे सभी प्रखंडों में बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर इस प्रक्रिया में तेजी लाएं। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लाभुकों को अनावश्यक रूप से प्रखंड कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: बाल विवाह के खिलाफ कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने उठाई आवाज, लिया बड़ा संकल्प
सर्वजन पेंशन और आवास योजना की समीक्षा
उपायुक्त ने एक सप्ताह के भीतर सर्वजन पेंशन योजना के सभी लाभुकों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया है। इसके साथ ही, आवास योजना के संभावित लाभुकों का चयन ग्राम सभा के अनुमोदन के साथ पूर्ण पारदर्शिता से करने और उसकी सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।
मनरेगा जॉब कार्ड ई-वेरिफिकेशन और जर्जर भवन
बैठक में मनरेगा योजनांतर्गत जारी जॉब कार्डों के ई-वेरिफिकेशन कार्य को 1 जुलाई से पूर्व पूर्ण करने का समय निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, सभी प्रखंडों में जर्जर एवं अनुपयोगी आवासीय भवनों को चिन्हित कर, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया के तहत कंडम घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
एमजीएम अस्पताल और सिविल सर्जन कार्यालय में बुनियादी ढांचा विकास
सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। उपायुक्त ने इसकी टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने और पार्किंग शुल्क अधिकतम 10 रुपये निर्धारित करने का निर्देश दिया। वहीं, एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में चल रहे आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए कार्यपालक अभियंता (भवन निर्माण विभाग) एवं प्राचार्य (एमजीएम) को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करने को कहा गया।
READ MORE..DHANBAD NEWS: गोड्डा-दिल्ली एक्सप्रेस (14049/14050) को नावाडीह में मिला ठहराव, दिल्ली का सफर हुआ आसान
सड़क सुरक्षा पारडीह से बहरागोड़ा तक स्पीड मॉनिटरिंग
सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर उपायुक्त ने एनएचएआई (NHAI) को जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। पारडीह से बहरागोड़ा तक चिन्हित स्थलों पर वाहनों की गति सीमा की निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और नशामुक्ति की शपथ
सभी अंचलाधिकारियों (CO) को प्रत्येक प्रखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा वेस्ट-टू-आर्ट पार्क निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में उपायुक्त ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद जी, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी सहित सभी बीडीओ, सीओ एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

