
जमशेदपुर: नालसा (NALSA) एवं झालसा (JHALSA) के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिले में एक बड़ा सामाजिक बदलाव का अभियान चल रहा है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे 90 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को गालूडीह बराज स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। डालसा (DALSA) सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कानून और अधिकारों के प्रति छात्राओं को किया गया जागरूक
शिविर के दौरान मुख्य वक्ता और डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को भारतीय नागरिक के मौलिक अधिकार व कर्तव्यों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बाल विवाह, बालश्रम, चाइल्ड प्रोटेक्शन (बाल संरक्षण) और पोक्सो एक्ट (POCSO Act) जैसे कड़े कानूनों के बारे में गहन जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बेटियों का असली हथियार है और कम उम्र में शादी उनके भविष्य को अंधकार में धकेल देती है।
READ MORE..RANCHI NEWS: पलाश ब्रांड के आमों ने मचाई धूम, झारखण्ड की ग्रामीण महिलाओं को मिला वैश्विक मंच
डायन प्रथा और चाइल्ड ट्रैफिकिंग जैसी कुरीतियों पर प्रहार
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस कौंसिल के सदस्य मनोज कुमार सिंह ने डालसा के कार्यों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में फैली कुप्रथा जैसे डायन विशाही और चाइल्ड ट्रैफिकिंग (बच्चों की तस्करी) के खिलाफ छात्राओं को सचेत किया। उन्होंने बताया कि कैसे किसी भी मुसीबत के समय डालसा और विधिक सेवा प्राधिकार से मुफ्त कानूनी मदद ली जा सकती है।
कस्तूरबा की बेटियों ने लिया बाल विवाह नहीं करने का संकल्प
इस जागरूकता शिविर में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की सैकड़ों छात्राएं बेहद अनुशासित होकर शामिल हुईं। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की छात्राओं ने अपने जीवन के मुख्य लक्ष्य को प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए एक सुर में ‘बाल विवाह नहीं करने’ का संकल्प लिया। छात्राओं ने ठान लिया है कि वे पहले अपनी पढ़ाई पूरी करेंगी और अपने पैरों पर खड़ी होंगी।
READ MORE..ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर नगर निगम में बड़ा फेरबदल, एजाज अनवर बने नए नगर आयुक्त
शिविर में ये लोग रहे उपस्थित
इस सफल आयोजन के मौके पर विद्यालय की वार्डेन अंजना कुमारी के साथ-साथ डालसा पीएलवी (PLV) नागेन्द्र कुमार, दिलीप जायशवाल, दसमत हांसदा, गोलापी रानी महतो, अजय महतो, मिथुन महतो, रोबेन भकत, देवजानी दे और दुली हेंब्रम सहित विद्यालय का स्टाफ और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


