
जमशेदपुर। आगामी रामनवमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की ओर से शहर के सभी अखाड़ा समितियों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 15 मार्च 2026 को संध्या 5 बजे उत्कल एसोसिएशन सभागार में सुनिश्चित की गई है। इस बैठक में शहर की लगभग 180 लाइसेंसी अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ गैर लाइसेंसी अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति द्वारा शहर के सभी अखाड़ा समितियों से संपर्क कर उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
READ MORE :Jamshedpur News :ध्वज पूजन के साथ तैयार हुई जमशेदपुर में भव्य हिन्दू नववर्ष यात्रा
बैठक के दौरान रामनवमी महोत्सव में पूजन से लेकर विसर्जन तक की व्यवस्थाओं, जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय और अन्य आवश्यक विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ हीं, सभी अखाड़ा समितियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने अखाड़ा से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को बैठक में अवश्य रखें, जिससे सामूहिक रूप से उनका समाधान किया जा सके।
बैठक में समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, संरक्षक नीरज सिंह, पवन सिंह, रामबाबू तिवारी, भास्कर मुखी, अजय रजक, दिवाकर सिंह और शंकर रेड्डी समेत केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, शहर के सभी अखाड़ा समितियों के अध्यक्ष और लाइसेंसधारी प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल होंगे।
केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने शहर के सभी अखाड़ा समितियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण बैठक को सफल बनाने की अपील की है। कहा कि केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति पिछले कुछ दिनों से शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को जानने और समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।



