
जमशेदपुर ।

शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और चरमराती कानून-व्यवस्था को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने गहरी चिंता व्यक्त की है। चैंबर ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र लिखकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ करने और पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश देने की मांग की है।
व्यापारियों और आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि पिछले कई महीनों से शहर में अपराध का ग्राफ बेतहाशा बढ़ रहा है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में घुसकर हमला करना, रंगदारी, चोरी, छिनतई और महिलाओं से चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी और उद्यमी वर्ग भय और असुरक्षा के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।
डीडी बार हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोरा
मानव केडिया ने बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई नृशंस घटना का प्रमुखता से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में वाहन में बैठे दो युवकों पर सरेआम चापड़ से हमला और उसमें हिमांशु सिंह की मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल है और इससे औद्योगिक नगरी जमशेदपुर की छवि को भारी ठेस पहुंची है।
READ MORE :JAMTARA NEWS: झामुमो ने धूमधाम से मनाया 171वां हूल दिवस, ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली भव्य रैली
मुख्यमंत्री से चैंबर की प्रमुख मांगें:
सिंहभूम चैंबर ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से निम्नलिखित मांगें की हैं:
शहर में पुलिस गश्त तत्काल प्रभाव से बढ़ाई जाए।
संवेदनशील और व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
संगठित अपराध और रंगदारी वसूलने वालों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जाए।
डीडी बार कांड सहित हाल की सभी गंभीर आपराधिक घटनाओं में दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई हो।
व्यापार और निवेश पर पड़ सकता है प्रतिकूल प्रभाव
चैंबर ने चेतावनी दी है कि जमशेदपुर राज्य की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो इसका सीधा और प्रतिकूल प्रभाव शहर के व्यापार, उद्योग और निवेश के वातावरण पर पड़ सकता है। सरकार की यह प्राथमिक जिम्मेदारी है कि वह व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बहाल करे।
सिंहभूम चैंबर ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।


