जमशेदपुर।
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम तथा पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोटा ने वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों, एयरपोर्ट और रूट लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारकेड रिहर्सल में भी भाग लेकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
कार्यक्रम स्थलों का गहन निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कदमा स्थित Shri Jagannath Spiritual and Cultural Charitable Center तथा बारीडीह स्थित Manipal Tata Medical College का दौरा किया।अधिकारियों ने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक की सुरक्षा व्यवस्था, परिगमन मार्ग, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने प्रमंडलीय आयुक्त को सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग और बलों की तैनाती से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारकेड रिहर्सल संपन्न कराया गया है तथा प्रतिनियुक्त फोर्स और मजिस्ट्रेट की संयुक्त ब्रीफिंग कर जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी गई हैं।पिछले दो दिनों से एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता और सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया है।
समन्वित प्रयास से तैयारियां पूरी
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप पूरी कर ली गई हैं।राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासन हर स्तर पर सतर्कता बरत रहा है ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।




