रांची: एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल, रांची में “सेशन ब्रेक मेला” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य स्कूलों के बच्चों एवं अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा आनंदमय वातावरण देखने को मिला।
मेले के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के झूले और फूड स्टॉल लगाए गए, जिनका बच्चों और अभिभावकों ने भरपूर आनंद उठाया।
इस मेले का मुख्य आकर्षण पुस्तक प्रदर्शनी रही, जहाँ विभिन्न विषयों से संबंधित ज्ञानवर्धक, रोचक एवं प्रेरणादायक पुस्तकों का समृद्ध संग्रह उपलब्ध कराया गया। बच्चों ने पुस्तकों के प्रति विशेष रुचि दिखाई, वहीं अभिभावकों ने भी इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की।
इसके अतिरिक्त, कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही, चित्रकला प्रदर्शनी ने भी आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
नृत्य प्रतियोगिता के विजेता:
प्रथम स्थान – स्काई क्रू ग्रुप, श्री रानी सती विद्यालय
द्वितीय स्थान – शांभवी मोदक, डीपीएस रांची
तृतीय स्थान – यशस्वी अमर, केंद्रीय विद्यालय, सीसीएल
विद्यालय की ओर से विजेता विद्यार्थियों को क्रमशः ₹5000 (प्रथम पुरस्कार), ₹3000 (द्वितीय पुरस्कार) एवं ₹2000 (तृतीय पुरस्कार) देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य, श्री शादान आलम ने मेले की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा,
“ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष रूप से पुस्तक प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों में पढ़ने की आदत और ज्ञान के प्रति रुचि विकसित होती है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।”
विद्यालय के निदेशक, श्री कुणाल कश्यप ने कहा,
“हमारा उद्देश्य केवल शैक्षणिक शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि बच्चों में रचनात्मकता, जिज्ञासा और सीखने की ललक को भी विकसित करना है। भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखा जाएगा।”
यह मेला बच्चों के लिए न केवल मनोरंजन का साधन बना, बल्कि उनके ज्ञान एवं अनुभव में वृद्धि करने वाला एक महत्वपूर्ण अवसर भी सिद्ध हुआ।




