जमशेदपुर:
रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट्स द्वारा आयोजित टैलेंट्स ऑफ जमशेदपुर सीज़न 4 का भव्य ग्रैंड फिनाले शहर के प्रतिष्ठित होटल विवांता में उत्साह और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। इस खास मौके पर विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बॉलीवुड अभिनेत्री ऋतु शिवपुरी ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जमशेदपुर की छुपी हुई प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने की आयोजकों की पहल की जमकर सराहना हुई।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
ग्रैंड फिनाले की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश कुमार, समाजसेवी हरि सिंह राजपूत, आयोजक आशा सिंह, आरफीन अशरफ और सत्यजीत सिंह राजपूत मौजूद रहे। इस सीज़न की निर्णायक मंडली में दिल्ली से आए कौशल विश्वकर्मा, युवराज गोस्वामी और दिव्या केशरी शामिल रहीं, जिन्होंने निष्पक्षता के साथ प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
विभिन्न श्रेणियों के विजेता
ग्रैंड फिनाले में अलग-अलग श्रेणियों में विजेताओं की घोषणा की गई।
नृत्य: काशीपी और संविका
संगीत: अदिति नायक
मिस: आकांक्षा साव
मिसेज: शिल्पी दास
मिस्टर: हिमांशु भारद्वाज
सभी विजेताओं को अभिनेत्री ऋतु शिवपुरी ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिफ्लेक्शन लीजेंड्स अवार्ड भी रहा आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान रिफ्लेक्शन लीजेंड्स अवार्ड का भी आयोजन किया गया, जिसमें आदित्यपुर नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों और सम्मानित हस्तियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
ऋतु शिवपुरी का संदेश, पूनम ढिल्लन की अनुपस्थिति
अभिनेत्री ऋतु शिवपुरी ने बताया कि फ्लाइट रद्द और विलंब होने के कारण उन्हें कार्यक्रम में पहुंचने में देरी हुई। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट्स इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में पूनम ढिल्लन की उपस्थिति प्रस्तावित थी, लेकिन फ्लाइट रद्द होने के कारण वे शामिल नहीं हो सकीं। आयोजकों ने जानकारी दी कि अगले माह पूनम ढिल्लन के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सफल आयोजन में टीम का योगदान
कार्यक्रम का संचालन उदय चंद्रवर्षी और समिता राउत ने किया। आयोजन को सफल बनाने में आशा सिंह, आरफीन अशरफ, आकांक्षा वर्मा, शिवानी ओझा, बसंत दास, हर्ष सिंह सहित पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।




