
जमशेदपुर। रविवार को सोनारी स्थित डॉ पात्रा क्लिनिक में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में करीब 200 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं।


विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं
निःशुल्क चिकित्सा शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में डॉ. अमल प्रकाश पात्रा (सर्जन), डॉ. रीमा कुमारी (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. अजित टुडू (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अंशुमान पात्रा (सामान्य चिकित्सक एवं मधुमेह विशेषज्ञ), डॉ. पी. स्नेहा (फिजियोथेरेपिस्ट) तथा डॉ. मल्लेश्वरी नारवा (फिजियोथेरेपिस्ट) ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया।
मुफ्त जांच और परामर्श की सुविधा
शिविर में मरीजों को न केवल निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, बल्कि रक्त जांच, ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई गईं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को काफी राहत मिली।
गरीबों के लिए वरदान
डॉ पात्रा क्लिनिक के डॉक्टर अनुराग पात्रा ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंच पाना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए कठिन होता है। इसी उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि ऑर्थो, गायनेकोलॉजी, जनरल फिजिशियन और फिजियोथेरेपी जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा सकें।
READ MORE :Jamshedpur News :कदमा में कांग्रेस की संगठनात्मक सशक्तिकरण बैठक, बूथ स्तर पर मजबूती का आह्वान – बन्ना गुप्ता
महिलाओं ने बड़ी संख्या में लिया लाभ
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रीमा कुमारी ने बताया कि शिविर में गर्भवती महिलाओं के अलावा 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं ने बड़ी संख्या में इलाज कराया। उन्होंने कहा कि अधिकतर मामलों में दवाओं से ही समस्या का समाधान किया जाता है और बहुत आवश्यक होने पर ही सर्जरी की सलाह दी जाती है।
मरीजों ने की सराहना
शिविर में इलाज कराने पहुंचे मरीज अनूप कुमार मुखर्जी ने बताया कि यहां अनुभवी और व्यवहार कुशल डॉक्टर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों के लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं है। लंबी प्रतीक्षा के बावजूद उन्हें संतोष है कि उनकी ईसीजी और रक्त जांच की रिपोर्ट सामान्य आई।
सफल आयोजन में सहयोग
चिकित्सा शिविर को सफल बनाने में श्रीमती स्वप्ना पात्रा, अनुराग पात्रा एवं अंशुमान पात्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।



