
जमशेदपुर।
बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान और उपचार के उद्देश्य से श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, बिष्टुपुर द्वारा “नन्हा सा दिल – जन्मजात हृदय रोग निवारण एवं उपचार कार्यक्रम” के अंतर्गत दो दिवसीय निःशुल्क ईको (Echo) हार्ट स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 07 एवं 08 जनवरी 2026 को आयोजित हो रहा है।


READ MORE :Jamshedpur News :एएनएम को कुष्ठ रोग की पहचान व उपचार का प्रशिक्षण, दिव्यांगता रोकथाम पर दिया गया जोर
सिविल सर्जन ने किया शिविर का उद्घाटन
इस निःशुल्क ईको-हार्ट स्क्रीनिंग शिविर का उद्घाटन डॉ. साहिर पाल, सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि “नन्हा सा दिल” कार्यक्रम के तहत नवजात शिशु से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों का जन्मजात हृदय रोग का निःशुल्क परीक्षण, उपचार एवं आवश्यकता पड़ने पर ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
शिविर का समय और जांच की व्यवस्था
डॉ. साहिर पाल ने जानकारी दी कि यह शिविर
07 जनवरी 2026 को प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक
08 जनवरी 2026 को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, बिष्टुपुर, जमशेदपुर में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दौरान अनुभवी हृदय रोग विशेषज्ञ (कार्डियोलॉजिस्ट) द्वारा बच्चों की जांच की जा रही है, जो पूरी तरह निःशुल्क है।
इन लक्षणों पर विशेष ध्यान देने की अपील
अभिभावकों से अपील की गई है कि यदि बच्चों में
होंठ या त्वचा का नीला पड़ना
दूध पीते समय अधिक पसीना आना
बार-बार सर्दी, खांसी या बुखार होना
वजन का ठीक से न बढ़ना
जल्दी थक जाना या सांस फूलना
जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उन्हें बिना देरी किए शिविर में जांच के लिए अवश्य लाएं।
49 बच्चों की जांच, 10 में हृदय रोग की पुष्टि
आज आयोजित हार्ट स्क्रीनिंग कैंप में कुल 49 बच्चों की जांच की गई, जिनमें से 10 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हुई। इन सभी चिन्हित बच्चों को आगे के उपचार एवं ऑपरेशन के लिए कोंडापाका–हैदराबाद, खारघर–नवी मुंबई, रायपुर–छत्तीसगढ़, एवं पलवल–हरियाणा स्थित उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग व चिकित्सकों का सराहनीय योगदान
इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राज नारायण तिवारी, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो सहित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के डॉ. कुंदन कुमार, डॉ. सौम्या, एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, DEIC, RBSK, ICDS एवं DSWO विभागों की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अभिभावकों से अपील
श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल प्रबंधन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस निःशुल्क हृदय जांच शिविर का लाभ उठाएं और समय रहते बच्चों की जांच कराकर उन्हें एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।



