
जमशेदपुर: जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) सभागार में नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में ‘सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान’ (CLAP) को लेकर एक महत्वपूर्ण फोकस ग्रुप डिस्कशन का आयोजन किया गया। दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के तहत आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के निर्धन, वंचित और कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना तथा उनके लिए आजीविका के नए अवसर सृजित करना है।


READ MORE..NEW DELHI NEWS: भारत मंडपम में लहराया NIT जमशेदपुर का परचम, गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026 में मिला प्रथम पुरस्कार
एनआईटी कालीकट और झारखंड सरकार के बीच ऐतिहासिक समझौता
झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार राज्य के 10 चयनित नगर निकायों में सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान NIT कालीकट (केरल) के साथ 5 वर्षों का समझौता (MoU) हुआ है। एनआईटी कालीकट की विशेषज्ञ टीम, जिसमें साक्षी, प्रीतेश रंजन और लिखिता शामिल हैं, ने JNAC टीम के साथ मिलकर जमशेदपुर के आवासीय क्षेत्रों, स्लम बस्तियों और व्यावसायिक इलाकों में 600 लोगों का व्यापक सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण पूर्ण कर लिया है।
वल्नरेबल ग्रुप और स्ट्रीट वेंडर्स पर विशेष ध्यान
नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े असुरक्षित समूहों (Vulnerable Groups) को स्वरोजगार से जोड़ना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिन छोटे व्यवसायियों को उत्पाद बेचने में कठिनाई होती है या जिनकी दैनिक आय बेहद सीमित है, उन्हें चिह्नित कर बाजार सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नए आधुनिक वेंडिंग जोन (Vending Zones) विकसित किए जाएंगे, जिससे फल एवं सब्जी विक्रेताओं को स्थायी रोजगार स्थल मिल सके।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल में इंटर-हाउस मैथ क्विज प्रतियोगिता आयोजित, जानें कौन से हाउस रहे विजेता
सहभागिता से समृद्धि स्वयं सहायता समूहों का होगा बाजार से जुड़ाव
बैठक में स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों को सीधे बड़े बाजारों (Market Linkage) से जोड़ने की कार्ययोजना पर सहमति बनी। इससे महिला उद्यमियों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिलेगा और अपनी आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। योजना के तहत युवाओं, स्थानीय कारीगरों, कॉमन इंटरेस्ट ग्रुप्स और श्रमिकों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण तथा वित्तीय सहायता का विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
इस उच्चस्तरीय मंथन में विशेष पदाधिकारी मुकेश कुमार, सीएमएम सलिल तिर्की, जिला उद्योग केंद्र (DIC) पूर्वी सिंहभूम, जेएसएलपीएस (JSLPS), टाउन वेंडिंग कमेटी (TVC) और एरिया लेवल फेडरेशन (ALF) के प्रतिनिधि उपस्थित थे। यह व्यापक कार्ययोजना जमशेदपुर को गरीबी मुक्त और आर्थिक रूप से सशक्त शहर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी।



