
पुलिस की छापेमारी में बड़ा खुलासा. रसोई से बरामद हुआ 07.88 ग्राम नशीला पदार्थ


Anni Amrita.
जमशेदपुर.
पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया है. पकड़ी गई आरोपी रसोई घर में दाल के डिब्बे के भीतर ब्राउन शुगर छिपाकर अवैध कारोबार चला रही थी. पुलिस ने मौके से कुल 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन 07.88 ग्राम दर्ज किया गया है.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को 9 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई इलाके में हिना उर्फ हेना परवीन नामक महिला अपने साथियों के साथ मिलकर ब्राउन शुगर बेचने का अवैध व्यापार कर रही है. सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
दाल के डिब्बे में छिपाई गई थी ब्राउन शुगर
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित हिना उर्फ हेना परवीन के घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान रसोई घर में रखे दाल के एक डिब्बे से 25-25 पुड़िया के दो कागज के बंडल (कुल 50 पुड़िया) बरामद हुए. पूछताछ के दौरान आरोपी हिना उर्फ हेना परवीन ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर जुगसलाई क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और अवैध व्यापार करती है.
प्राथमिकी दर्ज, सहयोगियों की तलाश जारी
ब्राउन शुगर रखने और बेचने के जुर्म में पुलिस ने हिना उर्फ हेना परवीन (पति मो. फैसल, गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई) को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 61/26 दर्ज करते हुए धारा 17(b)/21(b)/22(b)/27(a) NDPS Act 1985 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपी महिला के सहयोगियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी विभिन्न बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है.
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी (पु.नि.) गुलाम रब्बानी खाँ, पु.अ.नि. धनंजय कुमार सिंह, म.पु.अ.नि. वन्दना हांसदा, स.अ.नि. गोपाल पाण्डेय, स.अ.नि. दिलिप कुमार यादव, गृहरक्षक चालक बिहारी कुमार मिश्रा तथा जुगसलाई थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.


