
जमशेदपुर। जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं की चरमराती स्थिति और बढ़ते जलजमाव को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश गहराता जा रहा है। मानसून की शुरुआत के बावजूद सफाई व्यवस्था ठप होने से क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी जानलेवा बीमारियों के फैलने की आशंका बन गई है। इसे लेकर बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष (कांग्रेस) संतोष सिन्हा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जुगसलाई नगर परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) को कड़ा ज्ञापन सौंपा।

ठप पड़ा है घर-घर कचरा उठाव, हर तरफ लगे हैं ढेर
ज्ञापन सौंपने के दौरान संतोष सिन्हा ने बताया कि पिछले काफी समय से जुगसलाई क्षेत्र में ‘डोर-टू-डोर’ कचरा उठाव की व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। इसके चलते गली-मोहल्लों में कचरे के बड़े-बड़े अंबार लग गए हैं। बारिश का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण वे जाम पड़ी हैं। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आम जनता का पैदल चलना तक दूभर हो गया है।
डेंगू-मलेरिया का मंडरा रहा खतरा, फॉगिंग की उठी मांग
कांग्रेस नेता ज्योति कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि जगह-जगह जमे हुए गंदे पानी और सड़ांध मारते कचरे के कारण मच्छरों का प्रकोप बेतहाशा बढ़ गया है। यदि जुगसलाई में तुरंत सघन युद्धस्तर पर सफाई अभियान नहीं चलाया गया, तो पूरा इलाका महामारी की चपेट में आ सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि बिना किसी देरी के पूरे जुगसलाई क्षेत्र के सभी वार्डों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए और शाम के वक्त नियमित फॉगिंग सुनिश्चित हो।
अंधेरे में डूबी हैं गलियां, महिलाओं-बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में
नागरिक सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य महेश खीरवाल ने बताया कि जुगसलाई की कई प्रमुख सड़कों और संकरी गलियों की स्ट्रीट लाइटें महीनों से खराब पड़ी हैं। शाम ढलते ही पूरे इलाके में अंधेरा छा जाता है, जिससे छिनतई जैसी आपराधिक घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। अंधेरे के कारण खासकर रात में घर लौटने वाली महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: टीएमएच अस्पताल में भर्ती विधायक पूर्णिमा साहू का हाल जानने पहुंचे आदित्य साहू, सेहत में हो रहा सुधार
मांगें पूरी नहीं हुईं तो सड़क पर उतरेगी जनता
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि सभी वार्डों में खराब स्ट्रीट लाइटों की तुरंत मरम्मत हो। इस मौके पर कांग्रेस नेता विजय पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद प्रशासन ने इस ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी स्थानीय नागरिकों को लामबंद कर कार्यालय के समक्ष उग्र प्रदर्शन करेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से ज्योति मिश्रा, महेश खीरवाल, विजय पांडेय, मालखान दूबे, राजू गद्दी, ज्वाला सिंह लोधी, अमरेश ठाकुर, संतोष रजक, लल्लन और राजा गद्दी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


