
जमशेदपुर: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DALSA) पूर्वी सिंहभूम ने 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्याय सदन में एक आकर्षक विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों, लोक अदालत, मध्यस्थता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।


न्याय सदन में लगी विधिक जागरूकता प्रदर्शनी
डालसा अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शनी में NALSA और JHALSA की विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता (Mediation), लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना, पारा विधिक स्वयंसेवक (अधिकार मित्र) की भूमिका, विधिक जागरूकता कार्यक्रमों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी सिंहभूम द्वारा संचालित गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
वादकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी
प्रदर्शनी में न्यायालय आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आगंतुकों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर कानूनी अधिकारों और सरकारी विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान लोगों को विधिक जागरूकता पुस्तिकाएँ, सूचना सामग्री और अधिकार संबंधी प्रचार सामग्री भी वितरित की गई, ताकि वे अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सेवाओं के प्रति जागरूक हो सकें।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: नीलकंठ महादेव संघ ने भूमि पूजन के साथ किया भव्य आयोजन का शुभारंभ, 10 अगस्त को सजेगी दसवीं विशाल भजन संध्या
मध्यस्थता और लोक अदालत की प्रक्रिया भी समझाई गई
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान मध्यस्थ अधिवक्ताओं, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों, अधिकारियों और पारा विधिक स्वयंसेवकों ने आगंतुकों को मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने की पात्रता, लोक अदालत में मामलों के त्वरित समाधान, मध्यस्थता की प्रक्रिया और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कमजोर और वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने की पहल
कुमार सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि यह प्रदर्शनी समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक न्याय की सहज और प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को उसके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों से अवगत कराना तथा निःशुल्क विधिक सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। डालसा द्वारा इस तरह के कार्यक्रम आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे।



