
जमशेदपुर
शुक्रवार को आहूत इस बंदी के दौरान साकची, मानगो, बिष्टुपुर, गोलमुरी, बर्मामाइंस और टाटानगर रेलवे स्टेशन जैसे शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा। व्यावसायिक प्रतिष्ठान और दुकानें पूरी तरह से बंद रहीं। आम दिनों की तुलना में सड़कों पर यातायात और लोगों की आवाजाही ना के बराबर रही। संभावित हंगामे को टालने के लिए जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी खुद घूम-घूम कर शहर के हालात का जायजा ले रहे हैं और हर प्रमुख चौक-चौराहे पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।

सांसद विद्युत वरण महतो उतरे सड़क पर, सरकार पर तीखा हमला
इस बंदी को सफल बनाने के लिए जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी अपने समर्थकों के साथ साकची की सड़कों पर उतरे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सांसद विद्युत वरण महतो ने मौजूदा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जमशेदपुर अब एक आपराधिक गढ़ बन चुका है।
विद्युत वरण महतो ने कहा, “पिछले छह-सात वर्षों में शहर में अपराध का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ा है। हत्या, लूट और छिनतई जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। हाल ही में पुलिस के सामने हुई हिमांशु की जघन्य हत्या प्रशासन की सबसे बड़ी विफलता है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।” उन्होंने मानगो इलाके का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए बताया कि वहां जमीन विवाद को लेकर हाल ही में चार-पांच हत्याएं हो चुकी हैं। महतो ने दावा किया कि आम जनता और व्यापारिक कमेटियों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद रखकर इस आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अब भी नहीं जागी, तो आंदोलन के और भी कई रास्ते खुले हैं।
स्थिति शांतिपूर्ण, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीएम अर्णव मिश्रा
इस पूरे हालात पर जिला प्रशासन ने पैनी नजर बनाए रखी है। धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अर्णव मिश्रा ने बताया कि धारा 163 लागू होने के बाद किसी भी प्रकार के हिंसक प्रदर्शन, गैर-कानूनी जमावड़े और हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
एसडीएम अर्णव मिश्रा ने स्पष्ट किया, “वर्तमान में शहर में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और अभी तक किसी भी हिंसक विरोध प्रदर्शन की कोई सूचना नहीं है। प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी सभा या प्रदर्शन पूरी तरह से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से ही होना चाहिए।” प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पुलिस लगातार गश्त कर रही है और कानून का उल्लंघन करने वाले तत्वों पर तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


