
JAMSHEDPUR
उपायुक्त राजीव रंजन ने चाकुलिया में SIR-2026 कार्यों की समीक्षा की
जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने चाकुलिया प्रखंड का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत चल रहे कार्यों का व्यापक जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय मतदाताओं से गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने की अपील की ताकि एक शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके। निरीक्षण के क्रम में जमशेदपुर जिला मुख्यालय के वरीय अधिकारी जैसे डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, एसडीएम घाटशिला सहित स्थानीय बीडीओ और सीओ मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

READ MORE..CHAIBASA NEWS: कोल्हान विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर विशेष व्याख्यान, विकसित भारत के निर्माण पर जोर
बीएलओ को समयबद्ध और त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन के निर्देश
क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय, सिंदुरगौरी स्थित मतदान केंद्र का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से गणना प्रपत्रों के वितरण, उनकी वापसी और बीएलओ ऐप (BLO App) में डेटा डिजिटाइजेशन की प्रगति रिपोर्ट मांगी। राजीव रंजन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक गणना प्रपत्र समय से पहुंचना चाहिए। उन्होंने डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को पूरी तरह से त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
मतदाताओं से संवाद और घर-घर संपर्क अभियान पर जोर
जमशेदपुर जिला प्रशासन की इस टीम ने मतदान केंद्र पर मौजूद आम नागरिकों और मतदाताओं से सीधा संवाद किया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इस विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए सटीक मतदाता सूची का होना अनिवार्य है, इसलिए सभी पात्र लोग निर्धारित समय के भीतर प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेज जमा करें। बीएलओ को निर्देशित किया गया कि वे घर-घर संपर्क अभियान चलाएं और यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र के एक भी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए।
READ MORE..RANCHI NEWS :वर्ल्ड प्रीमियर में दिखी नई निसान टेक्टॉन की झलक: सबसे अलग पहचान के साथ नया रास्ता बनाने आ रही है नई एसयूवी
सबर टोला का दौरा: आधार, जाति प्रमाण पत्र और आवास योजना को लेकर कड़े निर्देश
विशेष अभियान के तहत उपायुक्त राजीव रंजन ने चाकुलिया प्रखंड के सालबनी और ग्वालडागिया स्थित सबर टोला का भी दौरा किया। अत्यंत संवेदनशील सबर समुदाय के परिवारों से मुलाकात कर उन्होंने उन्हें मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही, उन्होंने सबर परिवारों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जिन सबर परिवारों के आधार कार्ड या जाति प्रमाण पत्र अब तक नहीं बने हैं, उनके लिए गांव में ही विशेष शिविर (Special Camp) आयोजित कर त्वरित दस्तावेज जारी करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा, आवास योजना से वंचित परिवारों का तत्काल सर्वे कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पक्का मकान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।



