
जमशेदपुर: शहर के बदहाल मानगो बस स्टैंड की चरमराती यातायात व्यवस्था और वर्षों से लंबित डिमना अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी/ISBT) परियोजना को लेकर जन विकास मंच के प्रमुख और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने सरकार और जिला प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि केवल घोषणाओं और शिलान्यास के नाम पर जमशेदपुर की जनता को लगातार गुमराह किया जा रहा है, जबकि धरातल पर अब तक कोई भी ठोस काम नहीं दिख रहा है।

150 बसों की क्षमता वाले मानगो बस स्टैंड से 650 बसों का संचालन
सौरभ विष्णु ने मानगो बस स्टैंड की दुर्दशा उजागर करते हुए बताया कि वर्तमान बस स्टैंड की क्षमता मात्र 150 बसों को संभालने की है, जबकि यहां से प्रतिदिन करीब 650 से अधिक बसों का संचालन होता है। क्षमता से चार गुना से भी अधिक बसों के चलने के कारण मुख्य सड़क किनारे बसों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। इस भारी अव्यवस्था से शहर में हर दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और आम यात्रियों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
READ MORE :Jamshedpur news:टाटा मोटर्स की 35 कमर्शियल गाड़ियों की भव्य डिलीवरी, आधुनिक फीचर्स से ग्राहकों को मिलेगा बेहतर माइलेज और प्रदर्शन
145 करोड़ का बजट और कैबिनेट मंजूरी, फिर भी निर्माण ठप
परियोजना की लेटलतीफी पर सवाल उठाते हुए सौरभ विष्णु ने बताया कि अगस्त 2025 में ही 145.24 करोड़ रुपये की भारी लागत से आधुनिक डिमना आईएसबीटी (ISBT) को सैद्धांतिक और प्रशासनिक मंजूरी दी जा चुकी है। इसके निर्माण के लिए जुइडको (JUIDCO) को कार्यान्वयन एजेंसी भी बनाया गया था। हाइब्रिड एन्युटी मॉडल के तहत पांच मंजिला आधुनिक टर्मिनल, 23 बस बे, 18 टिकट काउंटर, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, छात्रावास, भोजनालय और पार्किंग जैसी विश्वस्तरीय सुविधाओं की घोषणा हुई थी। लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि कैबिनेट की मंजूरी, बजट और एजेंसी तय होने के बावजूद आज तक ईंट भी नहीं रखी गई।
आईएसबीटी की 13 एकड़ जमीन पर बन रहा है कचरा डंपिंग ग्राउंड
सौरभ विष्णु ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह है कि जिस 13 एकड़ भूमि को आईएसबीटी के निर्माण के लिए चिन्हित किया गया है, उसी जगह को आज नगर निगम द्वारा कचरा डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से तीखा सवाल किया कि जब सारी औपचारिकताएं और बजट पूरी तरह तय हैं, तो निर्माण कार्य शुरू क्यों नहीं हो रहा है?
कचरा हटाकर तुरंत शुरू हो काम, जारी हो स्पष्ट समय-सीमा
सौरभ विष्णु ने जिला प्रशासन और सरकार से मांग की है कि डिमना स्थित आईएसबीटी स्थल से तुरंत कचरा हटाकर निर्माण कार्य शुरू किया जाए। साथ ही, परियोजना की वर्तमान स्थिति, काम शुरू होने की निश्चित तिथि और निर्माण पूरा होने की स्पष्ट समय-सीमा को जनता के समक्ष सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि नया आईएसबीटी बनने तक वर्तमान मानगो बस स्टैंड में पार्किंग, यात्री सुविधा और यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि शहरवासियों को जाम की यातना से राहत मिल सके।


