
जमशेदपुऱ।


बिष्टुपुर बाजार उप डाकघर के उप डाकपाल अजीत कुमार कुईला की सेवानिवृत्ति के अवसर पर सिंहभूम मंडल के डाक कर्मचारियों एवं पूर्व कर्मचारी नेताओं द्वारा एक भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली और अदम्य साहस को याद करते हुए उन्हें विभाग का गौरव बताया।
बीमारी से जूझते हुए भी बने प्रेरणा
वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 2008 से नसों की गंभीर बीमारी से पीड़ित रहने के बावजूद श्री कुईला ने कभी अपने कर्तव्यों से समझौता नहीं किया। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने पूरे समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य किया। उनके नेतृत्व और मेहनत का ही परिणाम रहा कि बिष्टुपुर बाजार उप डाकघर ने सिंहभूम मंडल में लक्ष्य प्राप्ति के मामले में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किया।
विशिष्ट अतिथियों ने किया सम्मान
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सुमित रंजन, डाक निरीक्षक (जन शिकायत) ने श्री कुईला को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विपरीत हालात में भी संयम, धैर्य और उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करना अजीत कुमार कुईला से सीखा जा सकता है। वे विभाग के लिए एक जीवंत उदाहरण और प्रेरणास्रोत हैं।
READ MORE :Jamshedpur News :सिंहभूम डाक प्रमंडल में भावभीनी विदाई, उमेश कुमार और महेश नायक हुए सेवानिवृत्त
सहकर्मियों ने साझा कीं यादें
कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार डाक सहायक कौशिक कुमार घटवारी ने अतिथियों का स्वागत किया और श्री कुईला को विशेष स्मृति चिन्ह भेंट कर समारोह को यादगार बनाया।
अमरेंद्र कुमार सिंह ने उन्हें घड़ी भेंट करते हुए वर्षों की कार्ययात्रा की यादें साझा कीं। इसके अतिरिक्त प्रणब कुमार (टाटानगर), जगन्नाथ साहू, जे. भट्टाचार्जी, मोहम्मद अकरम अली सहित अन्य सहकर्मियों ने भी उपहार और मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
सफल मंच संचालन और आयोजन
समारोह का कुशल मंच संचालन ज्योति कुमारी (डाक सहायक) ने किया। बिष्टुपुर उप डाकघर के सभी कर्मचारियों और एजेंटों के सहयोग से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा। समारोह में सिंहभूम मंडल के कई वर्तमान एवं सेवानिवृत्त डाककर्मी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।



