
जमशेदपुर।
उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने नगरपालिका निर्वाचन की तैयारियों को लेकर विभिन्न कोषांगों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदोबस्त कार्यालय का भ्रमण कर मतदाता सूची की वर्किंग कॉपी एवं मतदाता पर्ची के मिलान कार्य का अवलोकन किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदाता सूची की शुद्धता पर जोर
उपायुक्त ने मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्ध निष्पादन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ा प्रत्येक कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु एवं निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके।
READ MORE :AAJ KA RASIFAL :07 फरवरी 2026 शनिवार का पंचांग और राशिफल जानें पं कुंतलेश पाण्डेय की जुबानी
उपस्थित रहे अधिकारी
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सचिदानंद महतो, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी किकू महतो, कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद सहित संबंधित कोषांगों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा निर्वाचन की विश्वसनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए।


