
जमशेदपुर: जिला प्रशासन की ओर से साकची स्थित रविंद्र भवन सभागार में एक भव्य जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले JAC, CBSE और ICSE बोर्ड के 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। जिले के उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कठिन परिश्रम और अनुशासन का मिला प्रतिफल
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी यह शानदार सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों व अभिभावकों के सही मार्गदर्शन का ही परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने और देश-राज्य का नाम रोशन करने का संदेश दिया।
CBSE और ICSE बोर्ड के होनहारों का शानदार प्रदर्शन
समारोह में CBSE और ICSE बोर्ड के जिला टॉपर्स को विशेष रूप से सम्मानित किया गया:
CBSE बोर्ड: 10वीं में श्रेया जनपना ने 98.6% अंक लाकर जिला टॉपर का गौरव हासिल किया। 12वीं साइंस में शायर दत्ता (97.6%), बायो-साइंस में सालेहा परवीन (95.8%), कॉमर्स में श्रेयांशी धाल (98.6%) और आर्ट्स में प्रज्ञा शर्मा (98%) ने परचम लहराया।
ICSE बोर्ड: 10वीं में हर्षित सिंघानिया ने 99.2% अंक प्राप्त किए। 12वीं साइंस में स्नेहाश्री बिस्वास (99.5%), बायो-साइंस में शांभवी तिवारी (100%), कॉमर्स में संध्या सरकार (98.75%) और आर्ट्स में स्नेहा दत्ता (98.25%) ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया।
JAC बोर्ड में इन मेधावी छात्रों ने लहराया परचम
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के मैट्रिक और इंटरमीडिएट के टॉपर्स ने भी सम्मान प्राप्त किया:
JAC मैट्रिक: ओम कुमार 98.4% अंकों के साथ जिला टॉपर बने। शिप्रा प्रधान (97.6%), गीता गोराई (97.2%), उमेश मांडी, अनामिका महतो, कोयल रानी शाह (97%), मोहन महतो, हेमा मन्ना और खुशी कुमारी को भी सम्मानित किया गया।
JAC इंटर साइंस: कृष्णा रॉय और सक्षम मिश्रा ने संयुक्त रूप से 95.2% अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया। ओशिक कुमार चौधरी, खुशबू साव, विकास दास, साधना कुमारी और आशु पटेल भी सम्मानित हुए।
JAC इंटर कॉमर्स व आर्ट्स: कॉमर्स में कृती कुमारी (90.2%) जिला टॉपर बनीं, जबकि आर्ट्स में रेखा कुमारी ने 93.6% अंक लाकर पहला स्थान प्राप्त किया। इनके अलावा दीपा पात्रा, साजिद अंसारी, प्रज्ञा कुमारी, सिंदूरा दास, पूजा कुमारी सहित अन्य मेधावी छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस गरिमामय कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, डीटीओ, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



