
Jamshedpur News: जिले में जनगणना कार्य को पूरी तरह पारदर्शी, सटीक और समय-बद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना कार्य के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए पूरे जिले में नियुक्त प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) के बीच जनगणना किट का वितरण अभियान शुरू किया गया है। इसी सिलसिले में नगर निकाय क्षेत्र के एक पर्यवेक्षक और चार प्रगणकों को उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा खुद अपने हाथों से जनगणना किट प्रदान की गई। किट वितरण के साथ ही उपायुक्त ने पूरी टीम को इस राष्ट्रीय कार्य को बिना किसी गलती के पूरा करने का कड़ा संदेश दिया है।
राष्ट्रीय महत्व का कार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: उपायुक्त
इस विशेष अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने उपस्थित सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न करना होगा। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें शत-प्रतिशत सटीकता (100% Accuracy) सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्य के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई अथवा डेटा में त्रुटि किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
घर-घर जाकर सही आंकड़े जुटाने का निर्देश
उपायुक्त का प्रगणकों को निर्देश: “हर एक घर तक पहुंचना सुनिश्चित करें। कोई भी परिवार या सदस्य छूटना नहीं चाहिए। फील्ड में जाकर पूरी गंभीरता के साथ सही डेटा कलेक्ट करें।”
उपायुक्त ने प्रगणकों को विशेष निर्देश दिया कि वे तय गाइडलाइंस के अनुसार घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार की समुचित एवं सही जानकारी संकलित करें। फॉर्म या डिजिटल माध्यम में सभी विवरणों को बेहद सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाए ताकि कोई विसंगति न रहे। वहीं दूसरी ओर, पर्यवेक्षकों को इस संपूर्ण प्रक्रिया की नियमित निगरानी (Regular Monitoring) करने और डेटा की गुणवत्ता व शुद्धता सुनिश्चित करने की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। पर्यवेक्षकों को फील्ड में जाकर प्रगणकों के कार्यों की रैंडम चेकिंग करने को भी कहा गया है।
भविष्य की विकास योजनाओं का आधार हैं ये आंकड़े
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: बिष्टुपुर में BLO का महाप्रशिक्षण, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के कड़े निर्देश
चर्चा के दौरान उपायुक्त ने जनगणना के दूरगामी महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त होने वाले सटीक आंकड़े ही भविष्य की सरकारी योजनाओं के निर्माण, बजट आवंटन एवं विभिन्न लोक कल्याणकारी व विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में मुख्य भूमिका निभाते हैं। यदि आंकड़े सही नहीं होंगे, तो नीतियां भी प्रभावित होंगी। इसलिए देश और राज्य के विकास के लिए इस कार्य में गंभीरता, समर्पण और देशप्रेम की भावना के साथ योगदान देना आवश्यक है।


