
जमशेदपुर: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA) और राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA) के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में 90 दिवसीय विशेष कानूनी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DALSA) की मोबाइल वैन शुक्रवार को बोड़ाम प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव रसिक नगर पहुंची। यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में विधिक साक्षरता का प्रसार करना है।


बंगाल सीमा पर स्थित स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर
डालसा की मोबाइल वैन पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे रसिक नगर के ‘पीएम श्री उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय’ पहुंची। यहाँ पैरा लीगल वालंटियर्स (अधिकार मित्र) की टीम ने स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों को कानून की बुनियादी और आवश्यक जानकारियां दीं। शिविर का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना था ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठा सकें।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मानगो नगर निगम के खिलाफ जदयू का आंदोलन तेज, 27 जुलाई को धरना का ऐलान
बच्चों को दी गई गुड टच-बैड टच और पोक्सो एक्ट की जानकारी
शिविर में मौजूद लीगल एड डिफेंस कौंसिल की सदस्य योगिता कुमारी और पीएलवी नागेंद्र कुमार ने बच्चों को ‘गुड टच और बैड टच’ के अंतर को बेहद सरल भाषा में समझाया। इसके साथ ही, बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कड़े कानून पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। टीम ने बच्चों को प्रेरित किया कि वे किसी भी असहज परिस्थिति में डरने के बजाय अपने माता-पिता या शिक्षकों से बात करें।
बालश्रम, मानव तस्करी और नशा मुक्ति पर जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान पीएलवी दिलीप जायशवाल, प्रकाश मिश्रा, निताई चंद्र गोराई और सुशेन चंद्र महतो ने समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे बालश्रम और मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि बच्चों से मजदूरी कराना कानूनी अपराध है। इसके अलावा, युवाओं को बर्बाद कर रहे नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई गई और नागरिकों के मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: कदमा के सफाई कर्मियों को मिलेगा पूरा मानदेय, विधायक सरयू राय की पहल पर नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश
निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए डालसा से करें संपर्क
अधिकार मित्रों ने ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को बताया कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या विवाद का सामना करना पड़ता है, तो वे सीधे डालसा की मदद ले सकते हैं। इसके लिए वे अपने स्थानीय लीगल एड क्लीनिक में जा सकते हैं या फिर जमशेदपुर सिविल कोर्ट परिसर (न्याय सदन) में स्थित डालसा कार्यालय में संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।



