
जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) द्वारा जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से चैम्बर भवन, बिष्टुपुर में एसआईआर मैपिंग, वोटर आईडी एवं आधार कार्ड कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष कैंप में स्थानीय व्यवसायियों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रशासनिक समस्याओं का समाधान कराया।
तीन प्रमुख सेवाओं से लगभग 300 लोग हुए लाभान्वित
कैंप के दौरान कुल 98 लोगों ने एसआईआर मैपिंग कराई, 105 लोगों ने वोटर आईडी से संबंधित कार्य निपटाए और 96 लोगों ने आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में उपस्थित लोगों ने मतदाता सूची में एसआईआर-2003 से मैपिंग, पुराने वोटर आईडी कार्ड में त्रुटि सुधार, नए वोटर आईडी कार्ड हेतु आवेदन, आधार कार्ड में सुधार एवं नया आधार कार्ड बनवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य बेहद आसानी से पूरे किए।
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने जिला प्रशासन का जताया आभार
इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चैम्बर के आग्रह पर इस कैंप के आयोजन की अनुमति प्रदान की गई, जो झारखंड में प्रारंभ होने वाली एसआईआर प्रक्रिया को देखते हुए अत्यंत आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कैंप से व्यापारी वर्ग एवं नौकरीपेशा लोगों को काफी सहूलियत मिलती है, क्योंकि व्यस्तता एवं समयाभाव के कारण वे अन्य स्थानों पर जाकर ऐसे सरकारी कार्य नहीं करा पाते हैं।
प्रशासनिक कर्मियों की निष्ठा से हुआ त्वरित समाधान
कैंप के सफल संचालन हेतु उपायुक्त कार्यालय से कम्प्यूटर ऑपरेटर (निर्वाचन) रामस्वरूप राम, सुलभ मंडल, दीपक कुमार, अविनाश भंज एवं अमित कुमार पांडेय को प्रतिनियुक्त किया गया था। सभी कर्मियों ने पूरी निष्ठा एवं तन्मयता से कार्य करते हुए लगभग 300 लोगों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया। चैम्बर ने इसके लिए कैंप के संयोजक और चैम्बर सदस्य भव्या मेहता एवं महेश संघी का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने जिला प्रशासन के साथ बेहतरीन समन्वय स्थापित किया।
भविष्य में भी आयोजित होंगे ऐसे जनहित के कैंप
चैम्बर उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी एवं सचिव सुरेश शर्मा लिपु ने कहा कि व्यवसायी, उद्यमी एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कैंप आयोजित किए जाएंगे।
इस कैंप को सफल बनाने में उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया सहित कॉ-ऑप्टेड सदस्य मनोज गोयल, कार्यसमिति सदस्य प्रतीक अग्रवाल, पीयूष गोयल, अमीष अग्रवाल, उमेश खीरवाल, मोहित मूनका, विकास गढ़वाल एवं पंकज पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।



