
जमशेदपुर/जुगसलाई: मानसून में जलजमाव, गंदगी और बीमारियों के बढ़ते खतरे को लेकर जुगसलाई कांग्रेस नगर परिषद कमेटी और स्थानीय नागरिकों ने बुधवार (8 जुलाई 2026) को नगर परिषद कार्यालय का सफल घेराव किया। इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में 50 से 60 कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। इसके बाद नगर परिषद प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर सभी मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर 24 जून को नगर परिषद को ज्ञापन सौंपा गया था। दो सप्ताह बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने तथा डेंगू-मलेरिया के खतरे को देखते हुए यह विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर परिषद कमेटी के अध्यक्ष संतोष सिन्हा ने किया। इस दौरान एसआईआर प्रभारी राहुल बाल, जिला पर्यवेक्षक शशि भूषण राय, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह और प्रखंड प्रभारी सुनील प्रसाद मुख्य अतिथि रहे। साथ ही अनूप मिश्रा, चिन्ना राव, नलिनी सिन्हा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अध्यक्ष संतोष सिन्हा ने चेतावनी दी कि 24 घंटे में मांगें पूरी न होने पर जुगसलाई कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।



