
जमशेदपुर: शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में रविवार को जमशेदपुर स्थित परिसदन सभागार में पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की एक अहम कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने की।


बैठक का विधिवत शुभारंभ दुर्गा स्तुति और पटमदा के जिला परिषद सदस्य सह समिति के वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो के स्वागत संबोधन से हुआ। बैठक में जिले के धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी 11 प्रखंडों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
“ग्रामीण पूजा कमेटियों को तुरंत दिया जाए लाइसेंस”
बैठक के दौरान सबसे अहम मुद्दा ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों को लाइसेंस न मिलने का रहा। घाटशिला और धालभूम के ग्रामीण प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई दशकों से वे शांतिपूर्ण तरीके से पूजा का आयोजन कर रहे हैं, इसके बावजूद प्रशासन उन्हें अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) नहीं दे रहा है।
अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने सभी समितियों को आश्वस्त किया कि पूजा से पहले समिति का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त (DC) और वरीय अधिकारियों से मुलाकात करेगा और हर हाल में ग्रामीण कमेटियों को लाइसेंस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
समिति ने प्रशासन के समक्ष रखीं ये 6 प्रमुख मांगें
सेंट्रल समिति ने दुर्गा पूजा को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन के सामने निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
बुनियादी सुविधाएं: शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण पूजा पंडालों में भी निर्बाध बिजली, साफ-सफाई और स्लैग की व्यवस्था हो।
विसर्जन घाट और सड़कें: जर्जर सड़कों की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई, विसर्जन घाटों की मरम्मत और पर्याप्त लाइटिंग की जाए।
सुरक्षा एवं मेडिकल: चलंत चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन सेवा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और पर्याप्त महिला-पुरुष पुलिस बल तैनात किए जाएं।
गोताखोर और क्रेन: विसर्जन घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोर और मूर्ति विसर्जन के लिए क्रेन की समुचित व्यवस्था हो।
CSR फंड से मिले मदद: आयोजन के लिए टाटा स्टील, जुस्को, टाटा पावर एवं अन्य कॉर्पोरेट घरानों से CSR (कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) मद के तहत पूजा समितियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाए।
READ MORE :Jamshedpur News :विद्यापति परिषद् बागबेड़ा की नई कार्यकारिणी का गठन, अनूप मिश्रा ‘ज्योति’ बने अध्यक्ष और अखिलेश महासचिव
ग्रामीण क्षेत्रों में समिति के प्रयास ला रहे रंग
बैठक में समिति के वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष समिति के प्रयासों से डुमरिया, चाकुलिया और बहरागोड़ा जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली और कुछ समितियों को लाइसेंस दिलवाने में सफलता मिली थी। इस वर्ष भी जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर दुर्गोत्सव को भव्य बनाया जाएगा।
इससे पूर्व, महासचिव ललन यादव ने पिछले वर्ष का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और बताया कि रामनवमी, रथ यात्रा और छठ जैसे पर्वों में भी समिति प्रशासन को पूरा सहयोग करती है। कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह ने आय-व्यय का लेखा-जोखा पेश किया और बैठक का सफल संचालन बलदेव सिंह मेहरा ने किया।
### इनकी रही प्रमुख मौजूदगी कार्यक्रम के अंत में संयुक्त सचिव सह अधिवक्ता विनीता मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर सचिव पवन उपाध्याय, अंकित जवानपुरिया, राकेश साहू, रामस्वरूप यादव, राखी पालित, श्वेता चक्रवर्ती, सीमा साहू, नंद किशोर ठाकुर, तापस चटर्जी, मनोज कुमार, डी बोस, प्रणब नाहा और अमित यादव सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।




