
जमशेदपुर

प्राइड मंथ के समापन के अवसर पर लौहनगरी जमशेदपुर में “जमशेदपुर प्राइड जलसा 2026” का शानदार आयोजन किया गया. जमशेदपुर क्वियर सर्किल, पीपल फॉर चेंज, कला मंदिर और आदर्श सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में इस खास प्राइड वॉक का आयोजन हुआ. इसका मुख्य उद्देश्य समाज में LGBTQIA+ समुदाय के अधिकारों, उनके सम्मान और सामाजिक स्वीकृति के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना था.
रोटरी गवर्नर-इलेक्ट अनु नारंग ने दिखाई हरी झंडी, 100 से अधिक प्रतिभागी हुए शामिल
प्राइड वॉक की शुरुआत साकची स्थित सुपर सेंटर से हुई, जिसे रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की गवर्नर-इलेक्ट अनु नारंग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह वॉक जुबिली पार्क गेट संख्या-2 पर जाकर संपन्न हुआ. इस मार्च में LGBTQIA+ समुदाय के सदस्यों, उनके समर्थकों, विभिन्न स्कूलों-कॉलेजों के विद्यार्थियों, परिवारों और रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के सदस्यों सहित 100 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया. हाथों में रंग-बिरंगे झंडे और सामाजिक जागरूकता से जुड़े नारे लिखे पोस्टर लिए प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था.
कई गणमान्य हस्तियों और किन्नर समुदाय ने दर्ज कराई सक्रिय उपस्थिति
इस गरिमामयी आयोजन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई प्रबुद्ध लोग शामिल हुए. कार्यक्रम में मुख्य रूप से रोटरी की सहायक गवर्नर (2026-27) रोटेरियन नीता अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट चेयर अल्पा पारिख, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के अध्यक्ष रोटेरियन अशोक झा, प्रेसिडेंट-इलेक्ट गुरप्रीत भाटिया, सेक्रेटरी-इलेक्ट ऋषि चंद्रानी और रोटेरियन सीमा तिवारी उपस्थित थीं. इसके साथ ही जमशेदपुर क्वियर सर्किल के संस्थापक सौविक साहा और किन्नर समुदाय के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई.
READ MORE :Jamshedpur news:ब्रेन मलेरिया से मृत छात्रा के परिजनों से मिले विधायक संजीव सरदार
ट्रांसजेंडर पर्सन्स (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा: विरोध नहीं, संवाद की जरूरत
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने वर्तमान परिदृश्य और कानूनी सुधारों पर भी अपनी बात रखी. मंच से वक्ताओं ने ट्रांसजेंडर पर्सन्स (संशोधन) विधेयक, 2026 पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कानून में व्यापक परामर्श की बेहद आवश्यकता है. उन्होंने समाज से अपील की कि किसी भी मुद्दे पर विरोध करने के बजाय संवाद, आपसी एकता और समावेशिता का रास्ता अपनाकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है.
”प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और अपनी पहचान के साथ गरिमापूर्ण जीवन जीने का पूरा अधिकार है.”
— आयोजक मंडल
सहयोगियों और मीडिया का जताया आभार
कार्यक्रम के सफल समापन पर आयोजकों ने इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मीडियाकर्मियों, शहरवासियों और सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया. इस वॉक ने यह संदेश दिया कि जमशेदपुर एक प्रगतिशील और हर वर्ग को गले लगाने वाला शहर है.



