
जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में चरमराई नागरिक सुविधाओं को लेकर स्थानीय पार्षदों में गहरा आक्रोश है। सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो नगर परिषद कार्यालय के बाहर सामूहिक रूप से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और अनशन किया जाएगा।


बैठक में रखी गईं प्रमुख मांगें:
- सफाई व कीटनाशक छिड़काव: डोर-टू-डोर कचरा उठाव तुरंत बहाल हो। सड़कों और नालियों की नियमित सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर, एंटी-लार्वा, डीडीटी और फॉगिंग मशीन से मच्छर रोधी दवा का छिड़काव नियमित रूप से कराया जाए।
- पेयजल आपूर्ति व गुणवत्ता: जुगसलाई की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का संचालन नगर परिषद द्वारा किया जाए। पानी की गुणवत्ता में सुधार किया जाए और जिन क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित है, वहां तुरंत जलापूर्ति बहाल हो।
- स्ट्रीट लाइट व्यवस्था: क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में स्ट्रीट लाइट व हाई मास्ट लाइट लगाई जाएं तथा खराब पड़ी लाइटों की त्वरित मरम्मत की व्यवस्था की जाए।
कार्यपालक पदाधिकारी पर अनदेखी का आरोप:
पार्षदों का कहना है कि पिछले कई दिनों से डोर-टू-डोर कचरा उठाव ठप पड़ा है और पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। इस संबंध में पिछले माह कार्यपालक पदाधिकारी से बार-बार शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला, कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस प्रशासनिक लापरवाही के कारण पार्षदों को जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।
इस बैठक में कुल 22 पार्षदों में से 16 पार्षद प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि शेष पार्षदों ने दूरभाष पर अपनी सहमति और समर्थन व्यक्त किया। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि 7 दिनों में समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकला तो उग्र आंदोलन तय है।



