
जमशेदपुर: शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके घाटशिला के किताडीह स्थित ‘सोना देवी विश्वविद्यालय’ (Sona Devi University) में नए शैक्षणिक सत्र (2026-27) का भव्य आगाज होने जा रहा है। आगामी गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे से विश्वविद्यालय परिसर में नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘इंडक्शन कम ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ (Induction cum Orientation Program) का आयोजन किया जाएगा। यह इस विश्वविद्यालय का चौथा इंडक्शन प्रोग्राम है, जिसे बेहद खास और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रबंधन की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं।


दिग्गज हस्तियों और जन प्रतिनिधियों का लगेगा जमावड़ा
इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में कई बड़े प्रशासनिक अधिकारी और दिग्गज नेता शिरकत कर रहे हैं। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार (मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग) के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, आईएएस (IAS) श्री के. रवि कुमार उपस्थित रहेंगे। उनके साथ आईसीसी (HCL) के कार्यकारी निदेशक एवं यूनिट प्रमुख श्री उमेश सिंह और टाटा पिगमेंट्स के एमडी श्री सरोज बनर्जी भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू सहित कोल्हान क्षेत्र के कई पूर्व विधायक, मंत्री, जिला पार्षद, मुखिया, ग्राम प्रधान और सम्मानित श्रेष्ठजनों को ससम्मान आमंत्रित किया गया है।
80% महिलाओं की होगी भागीदारी, ‘ग्रोवर्ज’ बैंड मचाएगा धमाल
आयोजकों के अनुसार, इस विशाल समारोह में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को मिलाकर लगभग 2,000 से 2,500 लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। सबसे खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में लगभग 80 प्रतिशत महिला अतिथियों और प्रतिभागियों की उपस्थिति दर्ज होने का अनुमान है, जो महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक शानदार तस्वीर पेश करेगा। वहीं, दोपहर के सत्र में (अपराह्न) नए विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए कोलकाता के मशहूर म्यूजिकल बैंड ‘ग्रोवर्ज’ द्वारा एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैंड प्रस्तुति दी जाएगी, जो युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।



