जमशेदपुर। झारखंड में आगामी 17 नवंबर को गौपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य की सभी 27 गौशालाओं में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। झारखंड प्रादेशिक गौशाला संघ के प्रदेश अध्यक्ष आर. के. अग्रवाल ने प्रदेश के गौभक्तों, गौसेवकों और गौशालाओं से इस पर्व को महापर्व के रूप में समारोहपूर्वक मनाने की अपील की है।
आर. के. अग्रवाल ने कहा कि गौपाष्टमी का गौसेवा, गौसंरक्षण और गौसंवर्धन के क्षेत्र में विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व गौमाता के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सेवा-संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस दिन लोगों को गौमाता के संरक्षण, संवर्धन और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरानी चाहिए।
read more :Jamshedpur News :11 से 18 नवंबर तक देश भर में ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाएगी बीजेपी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने दी जानकारी
राज्य की 27 गौशालाओं में होंगे विशेष आयोजन
संघ के प्रदेश महासचिव अनिल मोदी ने बताया कि झारखंड प्रादेशिक गौशाला संघ के अंतर्गत संचालित सभी 27 गौशालाओं में गौपाष्टमी के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें गौशाला मेला, गौ सत्संग, गौ कथा, गौ पूजन, अधिवेशन, भजन संध्या, तुलादान और गौ आरती शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कई गौशालाओं में तीन दिवसीय आयोजन होंगे, जबकि कुछ स्थानों पर पूरे सप्ताह विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक गौभक्तों को इन आयोजनों से जोड़ना है।
बैद्यनाथधाम गौशाला का 125वां स्थापना वर्ष
इस वर्ष गौपाष्टमी का अवसर बैद्यनाथधाम गौशाला, देवघर के लिए भी खास होगा। अनिल मोदी ने बताया कि प्रतिष्ठित बैद्यनाथधाम गौशाला अपना 125वां स्थापना वर्ष मना रही है। यह उपलब्धि गौसेवा की लंबी परंपरा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक है।
Read More :DEOGHAR NEWS: 600 स्कूल और 45 गांव बनेंगे तंबाकू मुक्त, DC ने शुरू किया 60 दिवसीय अभियान
गौशालाओं को सहयोग देने की अपील
झारखंड प्रादेशिक गौशाला संघ ने प्रदेशवासियों से गौपाष्टमी के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और गौशालाओं को सहयोग देने का आह्वान किया है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक दायित्व और मानवीय संवेदना से भी जुड़ी है। गौसंरक्षण और संवर्धन के प्रयासों को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।


