पारस सिंह झा
देवघर। जिले को तंबाकू मुक्त बनाने और युवाओं को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से गुरुवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत इस 60 दिवसीय अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए सभी की भागीदारी और सहयोग आवश्यक है। युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से जागरूक करना और उन्हें इस लत से दूर रखना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को तंबाकू के नुकसान से बचाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा।
600 स्कूल और 45 गांवों को बनाया जाएगा तंबाकू मुक्त
अभियान की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के 600 स्कूलों और 45 गांवों को चिह्नित कर उन्हें पूर्ण रूप से तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाने के साथ तंबाकू नियंत्रण कानूनों के अनुपालन के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त ने जिला तंबाकू नियंत्रण समन्वय समिति को सक्रिय रूप से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करें।
छठ घाटों पर लगेंगे जागरूकता बैनर-पोस्टर
उपायुक्त ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के सभी छठ घाटों पर आम लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए बैनर और पोस्टर लगाने को कहा।
उन्होंने अभियान में गैर सरकारी संगठनों और स्वयंसेवी समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। शिक्षण संस्थानों और गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के साथ लोगों में तंबाकू मुक्त जीवनशैली के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की बात कही।
दो जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर से दो जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी देंगे।
इस अवसर पर अभियान का संदेश “तंबाकू का जहर, जल-जंगल-जीवन पर कहर” दिया गया। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू सेवन से दूर रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता, देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, सहायक नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, उत्पाद अधीक्षक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, डीएमएफटी टीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


