जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के ओलीडीह ओपी (Olidih O.P.) क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है । डिमना बस्ती निवासी विक्रम सिंह उर्फ विक्की पर हुए जानलेवा हमले के मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार और गोलियां भी बरामद की हैं ।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :सरयू राय का रेलमंत्री से सवालः ट्रेनें TATA विलंब से क्यों पहुंच रही हैं?
कार सवार युवक पर हुआ था जानलेवा हमला
घटना 30 मार्च 2026 की है, जब ओलीडीह ओपी क्षेत्र के अंतर्गत डिमना बस्ती रोड में उमा टिफिन के पास यह वारदात हुई थी । कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला, राखाल कुम्भकार, बिकास महतो और एक अन्य अज्ञात अपराधी ने मिलकर ऑल्टो कार में सवार विक्रम सिंह उर्फ विक्की की हत्या करने के इरादे से उस पर फायरिंग कर दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था ।इस घटना के बाद विक्रम सिंह की लिखित शिकायत पर ओलीडीह ओपी में कांड संख्या- 75/26 दर्ज किया गया था । यह मामला बीएनएस (BNS) की धारा 109(1)/118(2)/3(5) और 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था ।
SIT का गठन और जर्जर क्वार्टर में छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरीय पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के नेतृत्व में एक विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया ।पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 अप्रैल 2026 को वसुंधरा स्टेट के पास स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट भवन के एक जर्जर और खंडहरनुमा क्वार्टर में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की । इस छापामारी में घटना में शामिल चारों अपराधियों को धर दबोचा गया । पुलिस ने इनके पास से दो अवैध हथियार भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल गोलीबारी में किया गया था ।
READ MORE :Jamshedpur News :24 अप्रैल से सजेगा ‘फन वर्ल्ड डिज्नीलैंड’ मेला, आमबगान मैदान में भूमि पूजन संपन्न, दिखेंगे रोमांचक झूले और मिनी भारत की झलक
पूछताछ में हुआ खुलासा: 3 साल पुरानी रंजिश का बदला
पुलिस की कड़ी पूछताछ में मुख्य आरोपी बिकास महतो ने पूरी साजिश का पर्दाफाश किया । बिकास ने बताया कि आज से करीब 3 साल पहले विक्रम सिंह उर्फ विक्की ने उसके भाई ए०जे० अकाश के साथ मारपीट की थी । उस दौरान विक्की ने उसके भाई के सिर पर हथियार सटाकर जान से मारने की धमकी भी दी थी । इसी पुरानी दुश्मनी और बेइज्जती का बदला लेने के लिए बिकास ने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्की की हत्या की साजिश रची और उस पर जानलेवा हमला किया ।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम और बरामद सामान
SIT द्वारा गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान इस प्रकार है:
कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला (23 वर्ष): शंकोसाई रोड नं- 04, खड़ियाबस्ती का निवासी । इस पर पूर्व में भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है ।
राखाल कुम्भकार (27 वर्ष): डिमना बस्ती का निवासी । इस पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत पूर्व में मामला दर्ज है ।
राहुल सिंह सरदार (23 वर्ष): डिमना बस्ती का निवासी ।
बिकास महतो उर्फ बिके (23 वर्ष): आस्था स्पेस टाउन का रहने वाला ।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामान:
मैगजीन लगा हुआ एक देशी पिस्तौल ,एक देशी कट्टा ,7.65 mm की दो जिन्दा गोलियां ,8mm की एक जिन्दा गोली ,घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें ।
इस सफल छापेमारी अभियान में पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर, ओलीडीह ओपी प्रभारी मो० शारिक अली, अनुसंधानकर्ता रविन्द्र पाण्डेय समेत सशस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही ।



