जमशेदपुर।
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) के लाभुकों की समस्याओं को लेकर रांची में राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार और विभागीय प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विभाग की लेटलतीफी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए लाभुकों को जल्द से जल्द उनके आवंटित फ्लैट की चाबी सौंपने की मांग रखी।
दोहरी आर्थिक मार झेल रहे कमजोर वर्ग के लाभुक
विधायक सरयू राय ने मंत्री को जमीनी हकीकत से अवगत कराते हुए बताया कि बिरसानगर पीएम आवास योजना के दर्जनों लाभुक लंबे समय से मानसिक और आर्थिक पीड़ा का सामना कर रहे हैं। लाभुकों ने फ्लैट का पूरा पैसा विभाग में जमा कर दिया है और अपने नाम पर बिजली का कनेक्शन भी ले लिया है। इसके बावजूद, विभागीय सुस्ती के कारण उन्हें अब तक आवंटित आवास की चाबी नहीं दी गई है। कमजोर आय वर्ग के ये नागरिक इस वक्त दोहरी आर्थिक मार झेल रहे हैं। एक तरफ उन्हें बैंक से लिए गए लोन की भारी ईएमआई और ब्याज चुकाना पड़ रहा है, तो दूसरी तरफ वे किराए के मकान का भाड़ा देने को भी मजबूर हैं। सरयू राय ने इसे सीधे तौर पर जनता के साथ ज्यादती बताया।
6 मई को गृह प्रवेश की थी योजना
सरयू राय ने बताया कि एक दिन पूर्व 200 से अधिक की संख्या में लाभुक उनके पास पहुंचे थे। लाभुकों की सबसे बड़ी शिकायत यह थी कि स्थानीय अधिकारी उन्हें कोई स्पष्ट तारीख नहीं बता रहे हैं कि चाबी कब मिलेगी। चूंकि 6 मई को गृह प्रवेश का शुभ मुहूर्त है, इसलिए लाभुक अपने नए फ्लैट में पूजा-पाठ कर प्रवेश करना चाहते थे। जनता की इसी गुहार को लेकर सरयू राय ने मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री से 6 मई को गृह प्रवेश की अनुमति दिलाने का निर्णय लिया था।
मंत्री का आश्वासन: मई में ही होगा भव्य गृह प्रवेश
मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली दौरे पर होने के कारण उनसे सीधी वार्ता नहीं हो सकी। लेकिन, विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार और सचिव के साथ विधायक की लंबी चर्चा हुई। मंत्री सुदिव्य कुमार ने स्थिति को समझते हुए कहा कि 6 मई बेहद करीब है, और इतने कम समय में मुख्यमंत्री से समय लेकर कार्यक्रम आयोजित करने में तकनीकी कठिनाई है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट तौर पर आश्वस्त किया कि इसी मई महीने में हर हाल में लाभुकों को उनके घर की चाबी सौंप दी जाएगी।
चाबी वितरण के लिए होगा भव्य सरकारी कार्यक्रम
मंत्री ने आश्वासन दिया है कि चाबी सौंपने के लिए बिरसानगर में एक भव्य सरकारी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह पूरी संभावना है कि मुख्यमंत्री स्वयं वहां जाकर लाभुकों को उनके सपनो के घर की चाबी दें। यदि किसी कारणवश मुख्यमंत्री नहीं आ सके, तो नगर विकास मंत्री के नाते सुदिव्य कुमार खुद जमशेदपुर आएंगे और लाभुकों को चाबी देकर गृह प्रवेश कराएंगे। इस कार्यक्रम में जिले के सांसद, सभी विधायक और वरीय अधिकारियों को भी विधिवत आमंत्रित किया जाएगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी से आक्रोश, फेडरेशन लिखेगा रेल मंत्री को पांच हजार पत्र
लाभुकों के फैसले के साथ खड़े रहेंगे विधायक
सरयू राय ने कहा कि उन्होंने मंत्री को 6 मई की पूजा की तैयारियों के बारे में अवगत करा दिया है। मंत्री से हुई इस पूरी वार्ता और सरकार के आश्वासन की जानकारी वे लाभुकों को देंगे। इसके बाद, आगे की रणनीति पर लाभुक जो भी फैसला लेंगे, विधायक पूरी तरह से उनके साथ खड़े रहेंगे और उनका समर्थन करेंगे।



