
जमशेदपुर: आगामी 26 अगस्त को शहर में निकलने वाले जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी (जुलूस-ए-मोहम्मदी) को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए साकची थाना परिसर में शांति समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। पुलिस अवर निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जुलूस के रूट, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए।


READ MORE :ADITYAPUR NEWS :जमशेदपुर अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की 25वीं AGM में अहम फैसले
जुलूस के दिन बंद रहेगा आम बागान का मेला
बैठक में सबसे अहम फैसला यह लिया गया कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़ संबंधी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आम बागान मैदान में चल रहे मेले को एक दिन के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा। विदित हो कि यह जुलूस मानगो गांधी मैदान से निकलकर आम बागान मैदान तक पहुंचता है। जुलूस के रूट को देखते हुए विशेष रूप से एमजीएम गोलचक्कर से लेकर शीतला मंदिर के समीप अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की सिफारिश की गई है।
आपसी भाईचारे और पुलिस-पब्लिक समन्वय पर जोर
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सक्रिय सदस्य परमजीत सिंह काले ने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी आपसी भाईचारे का संदेश देता है, इसलिए इसे इस तरह निकाला जाए कि किसी भी समुदाय को असुविधा न हो। वहीं सोनू रज़ा ख़ान और हरविंदर सिंह ने प्रशासन और समिति के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर बल देते हुए सभी से सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस पदाधिकारियों ने भी समिति से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा जताई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :चीनी-प्याज की कीमतों में आग! सरयू राय ने PM मोदी और CM हेमंत को किया ट्वीट, जमाखोरों पर कार्रवाई की मांग
बैठक की मुख्य बातें
रूट और सुरक्षा: मानगो गांधी मैदान से आम बागान तक निकलेगा जुलूस, एमजीएम गोलचक्कर पर रहेगी विशेष निगरानी।
बड़ा फैसला: भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आम बागान मैदान का मेला एक दिन के लिए बंद रहेगा।
इनकी रही मौजूदगी: बैठक में पुलिस अवर निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा, उपनिरीक्षक अभिनव कुमार, हरि महतो और राजेश सिंह मौजूद रहे।
समिति के सदस्य: परमजीत सिंह काले, सोनू रज़ा ख़ान, हरविंदर सिंह, राकेश साहू, मुन्ना ख़ान, बलजीत संसोआ, शांतनु बोस, परमेन्द्र सिंह, हसीन अहमद, डीके घोष और सुनील देबुका सहित अन्य लोगों ने शिरकत की।



