
जमशेदपुर: आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए झारखंड भाजपा ने अपनी कमर कस ली है। गुरुवार को जमशेदपुर के भालूबासा स्थित शीतला भवन सभागार में कोल्हान प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिले की एक महत्वपूर्ण संयुक्त संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। इस प्रवासी कार्यकर्ता बैठक में मुख्य रूप से बूथ सशक्तिकरण, संगठन की मजबूती और आगामी जनसंपर्क अभियानों पर गहन मंथन किया गया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर स्टेशन को रेलवे का बड़ा तोहफा, गुआ-चक्रधरपुर समेत 4 ट्रेनों का होगा संचालन
1 से 16 अगस्त तक चलेगा विशेष महाभियान
बैठक में संगठन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए एक बड़ा निर्णय लिया गया। तय रूपरेखा के अनुसार, आगामी 1 अगस्त से लेकर 16 अगस्त तक दोनों जिलों के प्रत्येक बूथ पर एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस महाभियान के तहत मंडल प्रभारी और मंडल प्रवासी अपने-अपने क्षेत्रों के बूथों पर प्रवास करेंगे। वे संगठनात्मक गतिविधियों की जमीनी समीक्षा करेंगे, बूथ समितियों को सक्रिय करेंगे और जहां आवश्यक होगा, वहां बूथ कमेटियों का पुनर्गठन भी किया जाएगा।
‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ – रघुवर दास
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता” केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह भारतीय जनता पार्टी के संगठन की मूल कार्यपद्धति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संपर्क, समन्वय और संवाद का मंत्र देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जुगसलाई में पार्षदों के कड़े दबाव के बाद डोर-टू-डोर कचरा उठाव फिर से शुरू, अनिल मोदी ने दी चेतावनी
विपक्ष पर प्रहार और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर जोर
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि हताश दल देश में अराजकता और नकारात्मकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और जनहित के कार्यों को साझा करना होगा। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और पात्र नागरिकों का नाम जुड़वाने में सहयोग करने का आह्वान किया। प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने बूथ समितियों के सतत निरीक्षण और नियमित संपर्क को ही संगठन की असली ताकत बताया।
बैठक में इन प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी
बैठक का शुभारंभ वरिष्ठ नेताओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर और कार्यकर्ताओं द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अहम बैठक में विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, गुंजन यादव, सुधांशु ओझा, कल्याणी शरण समेत छह विधानसभा क्षेत्रों के बड़ी संख्या में मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


